Kohramlive : भारतीय रेलवे के तहत आने वाली Rail Wheel Factory (RWF), यलहंका, बेंगलुरु ने वर्ष 2025-26 के लिये एक्ट अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह उन युवाओं के लिये अच्छा अवसर है जो रेलवे में प्रशिक्षण लेकर तकनीकी अनुभव हासिल करना चाहते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 192 पदों को भरा जायेगा। खास बात यह है कि इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी, बल्कि चयन पूरी तरह से मेरिट के आधार पर किया जायेगा। इन पदों के लिये आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 10वीं (मैट्रिक) पास होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में NCVT से मान्यता प्राप्त आईटीआई (ITI) या नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) होना भी अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के दौरान मासिक स्टाइपेंड दिया जायेगा। फिटर, इलेक्ट्रिशियन और टर्नर जैसे ट्रेडों के लिये 12,261 रुपये प्रतिमाह, CNC प्रोग्रामिंग-कम-ऑपरेटर के लिये 10,899 रुपये प्रतिमाह। चयन प्रक्रिया पूरी तरह 10वीं कक्षा के अंकों की मेरिट सूची के आधार पर होगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक आयु वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जायेगी। 1 मार्च 2026 तक उम्मीदवार की आयु 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिये। SC/ST उम्मीदवारों को 5 वर्ष एवं OBC उम्मीदवारों को 3 वर्ष की ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी। इस भर्ती के तहत विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में रिक्तियां निकाली गई हैं…
- फिटर: 85 पद
- मशीनिस्ट: 31 पद
- इलेक्ट्रीशियन: 18 पद
- इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक: 22 पद
- CNC प्रोग्रामिंग-कम-ऑपरेटर: 23 पद
- मैकेनिक (मोटर वाहन): 8 पद
- टर्नर: 5 पद
ऐसे करें आवेदन
इस भर्ती के लिये आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है।
- इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र (Annexure-A) डाउनलोड करें।
- फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरकर आवश्यक दस्तावेजों (मार्कशीट, जाति प्रमाणपत्र, फोटो आदि) की स्व-सत्यापित प्रतियां संलग्न करें।
- सामान्य और OBC उम्मीदवारों को 100 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट या पोस्टल ऑर्डर “Principal Financial Adviser/Rail Wheel Factory” के पक्ष में जमा करना होगा।
- SC/ST, महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
भरा हुआ आवेदन पत्र 1 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक यलहंका, बेंगलुरु स्थित कार्यालय के ड्रॉप बॉक्स में जमा करना होगा या पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा।
इसे भी पढ़ें : घबराने की जरूरत नहीं, ‘शिवालिक’ और ‘नंदा’ रसोई गैस लेकर आ रहे, इस रोज तक पहुंचेंगे…






