Ranchi : झारखंड में आने वाले त्योहारों ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आज CM हेमंत सोरेन ने सीधे जिलों के DC और SP के साथ बातचीत कर साफ संदेश दिया है कि त्योहार शांति से होंगे, और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर बिना देरी के सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री आवास से हुई इस हाई लेवल मीटिंग में सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण तक हर पहलू की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस-प्रशासन 24 घंटे चौकन्ना रहे और हर छोटी-बड़ी सूचना पर नजर रखे। इसके लिए इंफॉर्मर नेटवर्क मजबूत करने के भी निर्देश दिये गये हैं। जुलूस और शोभायात्राओं को लेकर भी सरकार खास सतर्क है। साफ निर्देश है कि किसी भी हालत में भड़काऊ या उत्तेजक गाने नहीं बजने चाहिये। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी होगी, ड्रोन से निगरानी की जायेगी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सरकार सख्त है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर तुरंत कार्रवाई की जाये। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुये जुलूस मार्ग पर सेफ जोन बनाने और इमरजेंसी के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिये गये हैं। कुल मिलाकर सरकार का फोकस साफ है, त्योहार खुशियों और भाईचारे के साथ मनें, और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता न हो।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस हाई लेवल मीटिंग में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, DGP तदाशा मिश्रा, ADG (ऑपरेशन) श्री टी कंडास्वामी, आईजी (स्पेशल ब्रांच) प्रभात कुमार, आईजी (ऑपरेशन) माइकल राज और आईजी (प्रोविजन) मयूर पटेल मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : नवरात्रि में दिखें ऐसे सपने, समझिये मां दुर्गा दे रही हैं शुभ संकेत!






