GARHWA (Nityanand Dubey) : त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 अंतर्गत जिले के श्री बंशीधर नगर अनुमंडल में होने वाले तीसरे चरण के चुनाव को लेकर गढ़वा DC रमेश घोलप व पुलिस SP अंजनी कुमार झा ने संयुक्त रुप से प्रेस वार्ता कर शनिवार को जानकारी दी।
चुनाव की सभी तैयारियां पूरी
DC ने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 24 मई को मतदान होगा। चुनाव के सफल संचालन को लेकर 848 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत कुल 322576 मतदाता हैं। तीसरे चरण में श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत कुल 8 प्रखंडों क्रमशः खरौंधी, केतार, भवनाथपुर, विशुनपुरा, रमना, नगर उंटारी, सगमा एवं धुरकी प्रखंड में मतदान होगा। इसके तहत कुल 8 जिला परिषद सदस्य, 83 पंचायत समिति सदस्य, 66 मुखिया तथा 634 ग्राम पंचायत के सदस्य के पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इस प्रकार कुल 791 पदों पर चुनाव कराया जाना है, जिसके लिए अभ्यर्थियों की संख्या 2782 है।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की होगी निगरानी
SP ने बताया कि तीसरे चरण के पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था के तहत निगरानी रखी जाएगी। पहले चरण के चुनाव की तुलना में तीसरे चरण में संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या कम है, फिर भी सचेत रहते हुए मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान संपन्न कराने की तैयारियां की गई हैं। श्री बंशीधर नगर अनुमंडल 3 राज्यों की सीमाओं को छूता है। ऐसे में सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेक पोस्ट बनाकर निगरानी रखी जा रही है। शैडो एरिया के मतदान केंद्रों के लिए बेहतर कम्युनिकेशन प्लान भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से समय-समय पर सूचनाएं एकत्रित की जाएंगी।
अब तक जिले में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के 15 मामले दर्ज
SP ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर भी निगरानी रखी जा रही है। जिले में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में अबतक 15 मामलों पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है जिनपर नियम संगत कार्रवाई की जा रही है, इसमें तीन मामले श्री बंशीधर नगर अनुमंडल से संबंधित है। अब तक लगभग 545 लीटर देसी शराब जप्त की गई है। लगभग 8449 किलो जावा महुआ को भी विनष्ट किया गया है।
ये भी थे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामान्य प्रेक्षक श्री बंशीधर नगर अनिल कुमार, DDC राजेश कुमार राय, निदेशक डीआरडीए- सह- जिला पंचायती राज पदाधिकारी दिनेश सुरीन भी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : IAS पूजा मैडम की रिमांड अवधि क्या बढ़ी, एक पावरफुल IAS का परिवार दुबई टूर पर… देखें
इसे भी पढ़ें : अब ना धुलेगा मांग का सिंदूर, ना तोड़ी जाएंगी चूड़ियां, जानिए क्यों
इसे भी पढ़ें : दुनिया से रुख्सत हो गया रांची पुलिस का जांबाज लुगून… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : उठते फन का कुचलने का फरमान जारी किया DGP ने… देखें
इसे भी पढ़ें : नौ लोगों की दर्दनाक मौत, देखें कैसे हुआ हादसा















