Ranchi : भाजपा के झारखंड बंद को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने बंद को ‘सुपर फ्लॉप’ करार देते हुये भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहा कि भाजपा चाहे सड़क पर बंद की राजनीति करे या छात्रों के कंधे पर चढ़कर अपनी राजनीतिक बंदूक चलाये, झारखंड की जनता अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सत्ता में वापसी अब ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ से ज्यादा कुछ नहीं है। विजय शंकर नायक ने कहा कि मंगलवार के बंद ने भाजपा की जमीनी राजनीतिक स्थिति और जनसमर्थन की तस्वीर साफ कर दी है। कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक, आम लोगों ने अपने रोजमर्रा के काम जारी रखे और भाजपा के बंद के आह्वान को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जनता को, बंद नहीं, रोजगार चाहिये। टकराव नहीं, शिक्षा चाहिये। भय नहीं, विकास चाहिये और राजनीति नहीं, सामाजिक न्याय चाहिये।
‘छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक हथियार न बनाये भाजपा’
कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को वास्तव में छात्रों की चिंता है तो उसे अपने पूर्व कार्यकाल में हुये कथित घोटालों को लेकर राज्य के युवाओं से माफी मांगनी चाहिये। नायक ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले छात्रों के कंधे पर राजनीतिक बंदूक रखती है और फिर कानून-व्यवस्था के नाम पर राजनीति करती है। उनके मुताबिक, भाजपा का यह कथित दोहरा चरित्र अब जनता समझ चुकी है। विजय शंकर नायक ने भाजपा पर अपने पूर्व कार्यकाल के कथित भ्रष्टाचार और विवादित मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिये बंद और टकराव की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन आम जनता को परेशान करना और छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक स्वार्थ के लिये इस्तेमाल करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन की हेमंत सोरेन सरकार युवाओं, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आदिवासी-मूलवासी अधिकार और झारखंड के विकास को लेकर काम कर रही है। उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि बंद की राजनीति छोड़कर जनता के बीच जाकर अपने शासन और नीतियों का हिसाब दे।















