Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण की सड़कों पर अचानक सायरनों की तेज आवाज गूंज उठी। पुलिस के कई वाहन कतार में आगे बढ़ रहे थे और लोग अपने घरों-दुकानों से निकलकर इस नजारे को देखने लगे। पुलिस ने आज हाई-टेक पुलिस वाहनों के साथ फ्लैग मार्च निकाला। दरअसल, झारखंड सरकार की पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत चौपारण थाना को आधुनिक सुविधाओं से लैस नया पुलिस वाहन मिला है। चौपारण के थानेदार ने बताया कि नये वाहन में कई आधुनिक सुविधाएं जैसे GPS सिस्टम, वायरलेस सेट, आपातकालीन सेवा उपकरण उपलब्ध हैं। यह वाहन 24×7 गश्त कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा। पुलिस की टीम ने चौपारण बाजार, महाराजगंज, मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों से गुजरते हुये फ्लैग मार्च किया। कई पुलिस वाहनों के सायरन की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। थानेदार ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य सिर्फ गश्त नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना भी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शांति भंग करने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी। वहीं, पुलिस प्रशासन ने बताया कि आने वाले रामनवमी पर्व को लेकर भी चौपारण पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त, सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी की जायेगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इसे भी पढ़ें : रांची में खुला “जोहारग्राम”, CM हेमंत ने काटा फीता… जानें खासियत
इसे भी पढ़ें : कई फ्लाइट्स रद्द, एअर इंडिया-इंडिगो ने बदला शेड्यूल…






