चतरा : मंगलवार को चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार के साथ पांच उग्रवादियों को धर दबोचा। सभी को पुलिस ने हंटरगंज थाना क्षेत्र के सागा पहाड़ी क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तार उग्रवादियों में शेरघाटी थाना क्षेत्र के लछनैती गांव का निवासी विनोद यादव, डोभी थाना क्षेत्र के घोंघवा गांव के पप्पू कुमार, चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के सरजामातु गांव के विपिन गंझु, विजय गंझु और कुंदा थाना क्षेत्र के ढाढू गांव के प्रसाद गंझु शामिल है।
जिले के एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हंटरगंज के कोशमाही गांव के सटे सागा पहाड़ी के तलहटी में हथियार से लैस टीएसपीसी और पीएलएफआई के सदस्य साथ मिलकर दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं। गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने SDPO के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने हंटरगंज सागा पहाड़ी क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान सागा पहाड़ी क्षेत्र में जुटे उग्रवादी पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने पांचों को खदेड़ कर पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें : चाचा-चाची ने नहीं दी बाइक और मोबाइल तो कर दी दोनों की हत्या, ऐसे हुआ खुलासा
विदेशी हथियार और गोली बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने पुलिस से लूटी गई एक राइफल, दो अमेरिकन मेड पिस्टल, 32 राउंड जिंदा कारतूस, तीन बाइक, 6 मोबाइल, 16 सिम कार्ड और तीन हजार रुपए नगद बरामद किया।
गिरफ्तार के बाद पुलिस ने जो बताया
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने ही हंटरगंज मीरपुर के पुल निर्माण कार्य को लेवी के लिए रुकवाया दिया था। SDPO अविनाश कुमार ने बताया कि अपराधियों द्वारा लगातार क्षेत्र के ठेकेदार और व्यवसायियों से अलग-अलग फोन नंबरों से लेवी की मांग की जा रही थी। इसके अलावा हंटरगंज के शेरघाटी बिहार सीमावर्ती क्षेत्र और इमामगंज सहित अन्य कई जगहों पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
इसे भी पढ़ें : …और मर कर भी अमर हो गया 17 साल का युवक, 5 लोगों को दिया जीवनदान








