Patna : बिहार की राजधानी पटना में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत मसौढ़ी पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में गोली मारकर घायल कर दिया। यह कार्रवाई मसौढ़ी के चरमा मोड़ के पास हुई, जहां पुलिस और अपराधियों के बीच आमना-सामना हुआ। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल अपराधी की पहचान अजय पासवान उर्फ बादल के रूप में हुई है। वह पटना के दरवेशपुर, मनेर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, अजय लंबे समय से फरार चल रहा था और कई बड़े आपराधिक मामलों में वांछित था। मौके से पुलिस ने पिस्टल, देसी कट्टा और एक बाइक भी बरामद की है। वहीं, एक अन्य अपराधी अजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज बताये जा रहे हैं।
27 लाख कैश वैन लूट का मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल अजय पासवान गोपालपुर में 27 लाख रुपये की कैश वैन लूटकांड का मुख्य सरगना था। 13 मई को CMS कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर 27 लाख रुपये लूटे गये थे। घटना को अंजाम देने पहुंचे अपराधी बाइक से आये थे और कैश वैन कर्मियों को धमकाकर फरार हो गये थे।
अपराध की लंबी फेहरिस्त
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अजय पासवान पर 8 बैंक डकैती, हत्या, रंगदारी और लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी और लगातार उसके नेटवर्क को खंगाल रही थी।
पहले भी हुआ था एनकाउंटर
इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। 19 मई को पुलिस ने इसी मामले के आरोपी नीतीश कुमार को एनकाउंटर में गोली मारकर घायल किया था। उस दौरान पुलिस ने लूट की रकम, मोबाइल फोन और हथियार बरामद किये थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों सूरज पांडे, आदित्य कुमार और रवि कुमार से पूछताछ के बाद अजय पासवान और अन्य बदमाशों की लोकेशन मिली थी। जैसे ही पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजय पासवान घायल हो गया। पटना पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : रांची में अड्डेबाजी और नशापान करने वालों को चेतावनी…
इसे भी पढ़ें : खेलते-खेलते तालाब में डूबे तीन जिगरी दोस्त…
इसे भी पढ़ें : नामकुम में दिनदहाड़े 12 लाख की बड़ी चोरी, दहशत में लोग…
इसे भी पढ़ें : सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीख बदली अब इस रोज होगा एग्जाम…
इसे भी पढ़ें : काजल से लेकर लिपस्टिक तक हो गई महंगी…






