UP : यूपी के बदायूं के दातागंज स्थित सैजनी गांव के HPCL प्लांट में हुये सनसनीखेज डबल मर्डर में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि पूर्व कर्मचारी अजय प्रताप सिंह ने पूरी साजिश के साथ वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को प्लांट की शिफ्ट टाइमिंग और कर्मचारियों की आवाजाही की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने करीब 1:30 बजे कर्मचारियों की गाड़ी रोक ली, तमंचे के बल पर चालक और कर्मचारियों को नीचे उतारा, उनके मोबाइल छीन लिए और गाड़ी लूटकर सीधे प्लांट के अंदर घुस गया। प्लांट पहुंचते ही आरोपी ने मुख्य प्रबंधक (परियोजना) सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा के दफ्तर के बाहर गाड़ी रोकी। जैसे ही दोनों अधिकारी बाहर आये, उसने दोनों हाथों में तमंचे लेकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली की आवाज सुनकर गार्ड दौड़े, लेकिन आरोपी फिल्मी अंदाज में हवाई फायरिंग करते हुये फरार हो गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्लांट में नौकरी लगवाने के नाम पर उगाही करता था। जब अधिकारियों ने उसकी मनमानी पर रोक लगा दी और उसके कहने पर भर्ती बंद कर दी, तभी से वह उनके खिलाफ नाराज चल रहा था। चौंकाने वाली बात यह भी है कि आरोपी पहले ही दोनों अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दे चुका था। अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत भी की थी और तबादले के लिए आवेदन तक दिया था, लेकिन आरोप है कि समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद सपा सांसद आदित्य यादव ने भी रोष जताते हुये कहा कि औद्योगिक परिसर के अंदर दिनदहाड़े इस तरह की वारदात प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी अजय प्रताप सिंह को मूसाझाग थाने से गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। शासन ने भी इस सनसनीखेज हत्याकांड पर स्थानीय प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।

इसे भी पढ़ें : हेमंत सरकार के बड़े फैसले: 23 जिलों में बनेंगे आधुनिक पुस्तकालय, कई कॉलेजों को नये भवन









