Ranchi : राजधानी रांची के एक गांव में महज 20 हजार रुपये की कथित चोरी के आरोप में एक 18 साल के युवक को ऐसी सजा दी गई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सच्चाई की तथाकथित परीक्षा लेने के नाम पर युवक के दोनों हाथ खौलते गोबर मिले पानी में डलवा दिये गये। दर्द से तड़पते युवक की चीखें गूंजती रहीं, लेकिन अंधविश्वास के आगे उसकी पुकार अनसुनी रह गई। यह सनसनीखेज मामला रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर नरकोपी थाना क्षेत्र के सरवा गांव का है। गांव के ही एक व्यक्ति ने 18 साल के अनूप उरांव पर 20 हजार रुपये चोरी करने का इल्जाम लगाया। अनूप ने खुद को निर्दोष बताते हुये चोरी से साफ इनकार कर दिया। लेकिन आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने कानूनी रास्ता अपनाने के बजाय अंधविश्वास का सहारा लिया।
‘सच्चाई जांचने’ के नाम पर दी अमानवीय यातना
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित एक कथित अंधविश्वासी प्रथा के तहत पानी और गोबर को मिलाकर उबाला गया। फिर अनूप को उसमें हाथ डालने के लिये मजबूर किया गया। मान्यता यह बताई गई कि यदि युवक निर्दोष होगा तो उसे कोई नुकसान नहीं होगा और यदि दोषी होगा तो हाथ जल जायेंगे। हकीकत इससे कहीं ज्यादा भयावह निकली। खौलते मिश्रण में हाथ डालते ही अनूप दर्द से चीख उठा। कुछ ही मिनटों में उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गये। घटना के बाद युवक की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिये रांची के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार के अनुसार, जलन और संक्रमण इतना गंभीर था कि उसके दोनों हाथों की कुछ उंगलियां भी प्रभावित हो गईं। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।
मां ने दर्ज कराई FIR
घटना के बाद कुछ जागरूक ग्रामीणों ने परिवार को कानूनी कार्रवाई के लिये प्रेरित किया। इसके बाद अनूप की मां सुमी उरांव ने नरकोपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंधविश्वास के नाम पर उनके बेटे को गंभीर शारीरिक यातना दी गई, जिससे वह घायल हो गया। खबर है कि घटना के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गये हैं। पुलिस आरोपियों को बहुत जोर-शोर से खोज रही है।
इसे भी पढ़ें : शोर मचते ही कांग्रेस भड़की, झारखंड में तेज हुआ घमासान…
इसे भी पढ़ें : MLA के ड्राइवर की ह’त्या में अब ये दो महिलायें अरेस्ट…
इसे भी पढ़ें : बेईमान JE के हाथ हो गये लाल, फिर…
इसे भी पढ़ें : मूसलाधार बारिश बनी काल, पत्नी की मौ’त, पति घायल…
इसे भी पढ़ें : पलामू में बुजुर्ग की ह’त्या से सनसनी…









