गढ़वा : बुधवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में अपर समाहर्ता गढ़वा ओनिल क्लिमेंट ओड़िया की अध्यक्षता में समाहरणालय संवर्ग के सेवानिवृत एवं मृत सरकारी सेवकों के लिए पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। पेंशन अदालत में प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर लगभग 15 मामलों की समीक्षा की गई।
इसे भी पढ़ें : आधे घंटे के अंदर निपट गया 2 लाख का इनामी खूंखार पुनई
पेंशन अदालत में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पेंशनर समाज के अध्यक्ष एवं कर्मी उपस्थित रहे। जहां सभी विभागों से संबंधित पेंशन के मामलों की समीक्षा की गई। मौके पर अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागीय पदाधिकारीयों को लंबित मामलों का निष्पादन शीघ्र करने का आदेश दिया। पेंशन अदालत में शिक्षा विभाग में लंबित एसीपी के मामले के निवारण के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया गया। इसके अलावा चौकीदारों से संबंधित लंबित एसीपी एवं रिटायरमेंट की राशि का भुगतान करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों दिया गया।
इसे भी पढ़ें : जमीन एक, दावेदार चार… जांच शुरू, एसआईटी सौंपेगी 20 दिनों के अंदर रिपोर्ट
पेंशन संबंधी समस्या का करें त्वरित निष्पादन
अपर समाहर्ता द्वारा सभी प्रखंड व अंचल कार्यालय में लंबित पेंशन के मामलों की सुनवाई की गई। जिसका त्वरित निष्पादन करने का संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। पेंशन अदालत में मेराल प्रखंड के सेवानिवृत्त पंचायत सचिव ने अपनी समस्या पदाधिकारी के समक्ष रखते हुए कहा कि 31 अगस्त 2019 को मेराल प्रखंड से सेवानिवृत्त हुआ हूं। आज लगभग डेढ़ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन मेरे पेंशन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। मेरे द्वारा पेंशन पेपर एवं सेवापुस्त 10 जनवरी 2020 को एजी ऑफिस (महालेखाकार) रांची को भेजा गया है, लेकिन रांची से स्वीकृत होकर नहीं आया। मेराल प्रखंड कार्यालय से भी पता किया, वहां से भी मुझे यही जानकारी प्राप्त हुई कि अब तक एजी ऑफिस से पेपर नहीं आया है। पुनः मेरे द्वारा रांची जाकर पता किया गया तो पता चला कि मेरा पेंशन पेपर प्रखंड मेराल को वापस कर दिया, परंतु मेराल प्रखंड कार्यालय से मुझे इस संदर्भ में सटीक जानकारी नहीं प्राप्त हो सकी। उन्होंने अपनी समस्या का निवारण करने का अनुरोध अपर समाहर्ता से किया। अपर समाहर्ता ने उन्हें उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्त होते हैं, उन्हें पेंशन के वक्त किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना ना करना पड़े, इसी के मद्देनजर पेंशन अदालत का आयोजन किया जाता है। ऐसे में पेंशन संबंधी मामले को लंबित ना रखते हुए सभी पदाधिकारी ससमय इसका निस्तारण सुनिश्चित करें।
मौके पर अपर समाहर्ता ओनिल क्लिमेंट ओड़िया के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी डंडा, अंचलाधिकारी नगर उंटारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रमना, प्रखंड विकास पदाधिकारी मेराल, अंचलाधिकारी मेराल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रंका, जिला सहकारिता पदाधिकारी गढ़वा, जिला शिक्षा अधीक्षक गढ़वा, अंचलाधिकारी गढ़वा, जिला कल्याण पदाधिकारी गढ़वा, विभिन्न विभागों के प्रधान सहायक एवं सहायक, पेंशनर समाज के अध्यक्ष, कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे।




