Garhwa(Nityanand Dubey) : जन वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिये जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुये केतार प्रखंड के परती कुशवानी गांव के जन वितरण प्रणाली विक्रेता चन्द्रदेव बैठा की अनुज्ञप्ति (संख्या 11/2003) को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। प्रशासन को लंबे समय से इस उचित मूल्य दुकान (FPS) के संचालन में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। प्राप्त आरोपों की जांच की गई, जिसमें डीलर द्वारा झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश के तहत निर्धारित नियमों और शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। जांच रिपोर्ट में अनियमिततायें सिद्ध होने के बाद जिला प्रशासन ने बिना किसी विलंब के अनुज्ञप्ति रद्द करने का फैसला लिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि PDS में पारदर्शिता और सुचारु आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाभुकों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं। भविष्य में भी नियमों के उल्लंघन पर कठोर और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई जिला प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने और जन वितरण प्रणाली को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
इस भी पढें : ’झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट’ का आगाज, ये बोल गये CM हेमंत सोरेन






