UP : रसोई गैस नहीं मिलने से परेशानी झेल रहे एक गरीब परिवार पर शुक्रवार की शाम अचानक मुसीबत टूट पड़ी। मजबूरी में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बन रहा, अचानक प्रेशर कुकर तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग बुरी तरह झुलस गये, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। कैंट क्षेत्र के नकटिया निवासी राम सिंह ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार शाम उनकी पत्नी नन्ही देवी मिट्टी के चूल्हे पर उड़द-राजमा बना रही थीं। घर में उनके बच्चे पास ही बैठे हुये थे। तभी अचानक कुकर तेज आवाज के साथ फट गया और गर्म दाल व भाप से आसपास बैठे लोग झुलस गये। इस हादसे में नन्ही देवी, कार्तिक (बेटा), नेहा (बेटी) एवं देवांश गंभीर रूप से झुलस गये। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी का इलाज अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा है।राम सिंह के अनुसार छोटे बेटे कार्तिक का शरीर सबसे ज्यादा जल गया है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। राम सिंह ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने कई बार लाइन में लगकर सिलिंडर लेने की कोशिश की, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ा। मजबूरी में परिवार ने मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू किया था। राम सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर समय पर गैस सिलिंडर मिल जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था।
इसे भी पढ़ें : एक पेड़, तीन लाशें और 28 मिनट की फोन कॉल, ट्रिपल डेथ मिस्ट्री…










