UP : यूपी के बुलंदशहर में खुर्जा के नेहरूपुर गांव में एक पेड़ की डाल से एक महिला का शव फंदे से लटका था और ठीक नीचे जमीन पर एक मासूम बच्ची और युवक के शव पड़े थे। कुछ ही देर में इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुबह रेलवे लाइन की नियमित जांच कर रहे इंजीनियरिंग विभाग के कीमैन सोनपाल ने सबसे पहले यह दृश्य देखा। पापड़ी के पेड़ से लटकते शव को देखकर वह पास पहुंचे तो नीचे एक बच्ची और युवक के शव भी पड़े मिले। उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। मृतकों की पहचान 32 साल की देवी सरकार, 28 साल के सरल सरकार एवं 4 साल की सावंती के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापुरा गांव के रहने वाले थे। महिला देवी सरकार और उनके पति अपेश्वर खुर्जा जंक्शन मार्ग स्थित एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे और वहीं बने कमरे में रहते थे। देवर सरल सरकार भी पास के इलाके में दूसरी पॉटरी में मजदूरी करता था और नेहरूपुर में किराये पर रहता था। जांच में सामने आया कि घटना से पहले महिला और देवर के बीच अक्सर बातचीत होती थी। 11 मार्च को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद देवी ने देवर सरल को फोन किया और करीब 28 मिनट तक दोनों की बातचीत हुई। इसके बाद महिला अपनी चार साल की बेटी को लेकर देवर के पास चली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि बच्ची और देवर की गला दबाकर हत्या हुई, वहीं, महिला की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई। इन तीनों का बिसरा सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मृतिका के पति अपेश्वर सरकार के अनुसार उसका छोटा भाई अविवाहित था और महिला उसके साथ रहने की जिद करती थी। इसको लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था और वह शादी के लिये दबाव भी बना रही थी। पति अपेश्वर सरकार ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। उनका एक दस साल का बेटा भी है, जो पश्चिम बंगाल में अपने दादा के पास रहकर पढ़ाई करता है।
इसे भी पढ़ें : बिहार को मिले नये राज्यपाल, सैयद अता हसनैन ने ली शपथ









