रांची/बोकारो/पलामू/जमशेदपुर : पूरे देश में विभिन्न Trade Unions -मजदूर यूनियन आज हड़ताल पर हैं। इसको लेकर झारखंड में असर देखा जा रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मजदूर यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया है। बोकारो में बोकारो स्टील प्लांट में सुबह संयुक्त मोर्चा ट्रेड यूनियन के द्वारा प्लांट में प्रवेश कर रहे मजदूरों को बोकारो स्टील के पास सेक्शन के पास रोका जा रहा है।
बोकारो स्टील प्लांट में मजदूरों को रोक रहे प्रर्दशनकारी
बोकारो स्टील प्लांट में संयुक्त मोर्चा ट्रेड यूनियन द्वारा मजदूरों को प्लांट में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। इस दौरान मजदूरों की आवाजाही भी आज कम देखी जा रही है। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह से ही ट्रेड यूनियन के नेता प्लांट के पास पहुंचे, जो अपनी-अपनी यूनियनों के झंडे लेकर सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें : फुटबॉल के बेताज बादशाह डिएगो माराडोना नहीं रहे
Trade Unions के प्रदर्शनकारी दिखे आक्रोशित
इस दौरान Trade Unions के नेता काफी आक्रोशित दिख रहे हैं। हड़ताल के दौरान जब मजदूर बोकारो स्टील प्लांट के अंदर जा रहे थे, तो वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानून में किये गये बदलाव से मजदूर और मजदूर यूनियन के नेता दोनों ही नाराज नजर आ रहे हैं।
सीसीएल ऑफिस के सामने भी प्रदर्शन

मजदूर यूनियन की हड़ताल को लेकर रांची के दरभंगा हाउस स्थित सीसीएल मुख्यालय के सामने भी ट्रेड यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। वे नारेबाजी करते हुए मुख्यालय बैरिकेड तोड़कर घुसना चाह रहे थे, उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने रोका।
सीसीएल अप्रेंटिस संघ रोजगार और स्थायीकरण की मांग के साथ सीसीएल मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले चार दिनों से उनका प्रदर्शन चल रहा है। सीसीएल सीएमडी से मिलने की मांग कर रहे हैं। राष्ट्रव्यापी हड़ताल का सीसीएल मुख्यालय में खास असर नहीं। सीसीएल मुख्यालय में गतिविधि सामान्य है।
एचईसी में कोई असर नहीं
हड़ताल का एचईसी में कोई असर नहीं देखा गया है। तीनों प्लांटों में सामान्य दिनों की तरह काम हो रहे हैं और कर्मचारियों की स्थिति सामान्य है। काम पर जाने पर भी कोई रोक नहीं हुई।
एहतियात के तौर पर सुबह की छह बजे की शिफ्ट में जाने वाले कई कर्मचारी आज सुबह पांच बजे ही प्लांट पहुंच गए थे, ताकि किसी प्रकार का व्यवधान न हो। साढ़े दस बजे कुछ श्रमिक संगठनों की ओर से मुख्यालय के सामने नारेबाजी की गयी। प्लांटों में उत्पादन सामान्य दिनों की तरह हो रहा है। एचईसी में एटक, सीटू और इंटक ने हड़ताल की घोषणा की थी।
हड़ताल का असर पलामू में भी
हड़ताल का असर पलामू में भी देखने को मिल रहा है। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के आह्वान पर पलामू के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के जपला मुख्य डाकघर, हैदरनगर, मोहम्मदगंज और जपला सीमेंट फैक्ट्री उपडाकघर सहित छतरपुर उपडाकघर के सभी उप डाकपाल और कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल पर चले जाने के कारण डाकघरों में ताले लटके रहे।
इसे भी पढ़ें : Transgender Pilot, इरादों के कदम में दम हो तो क्या कहना
कोल्हान में कई रूटों पर नहीं चलीं बसें
हड़ताल का असर कोल्हान में भी नजर आया। पश्चिमी सिंहभूम में एसबीआई को छोड़कर सभी बैंकों में हड़ताल रही।चाईबासा, चक्रधर समेत अन्य शहरों के बैंकों का ऐसा ही हाल है। कई रूटों पर बसों के नहीं चलने से यात्री परेशान रहे। मनोहरपुर से रांची, राउरकेला, डाल्टेनगंज जाने वाली बसें रद्द कर दी गई हैं।एलआईसी के कर्मचारियों ने भी का बंद करने के साथ साथ कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
बैंक की शाखाएं बंद करा दी
पूर्वी सिंहभूम मुख्यालय जमशेदपुर में पीएनबी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक की शाखाएं बंद करा दी गई है। बैंकों के साथ एलआईसी शाखाओं के समक्ष कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है। बैंक ऑफ बड़ौदा बिष्टुपुर ब्रांच में प्रबंधन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच शाखा को खोलने के लिए काफी झड़प हुई है। हालांकि एसबीआई, आईडीबीआई, एचडीएफसी, बैंक ऑफ इंडिया आदि में कामकाज चल रहा है।
डाक और बीएसएनएल दफ्तरों में कामकाज प्रभावित है। घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में भी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। बसों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। इससे पहले टाटानगर से हावड़ा जा रही स्टील एक्सप्रेस को झाड़ग्राम स्टेशन पर 10 मिनट रोका गया और राउरकेला स्टेशन के पास टाटानगर आ रही दुरंतो एक्सप्रेस को भी लोगों ने कुल देर रोका गया था। सरायकेला खरसावां में भी बैंक, एलआईसी और अन्य दफ्तरों में कामकाज ठप है।
सीएमपीडीआई के कर्मचारी भी हड़ताल के समर्थन में उतरे
केंद्रीय कर्मचारी संगठनों के साथ मिलकर सीएमपीडीआई के कर्मी हड़ताल के समर्थन में उतरे। राजधानी रांची के गांधीनगर स्थित सीएमपीडीआई मुख्यालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। अल्बर्ट एक्का चौक में कार्यक्रम में भी हो रहे हैं शामिल।
एलआईसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया गया
रांची के लालपुर में स्थित एल.आई.सी के ऑफिस में भी कर्मियों ने प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व किया ऑल इंडिया इंश्युरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन जमशेदपुर शाखा ने किया। शाखा के सचिव आशीष दास ने कहा कि सरकार कर्मियों का हक नहीं दे रही है। वहीं कहा कि, सरकार ट्रस्टी बने न कि मालिक।
इसे भी पढ़ें : चाईबासा नरसंहार मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार












