Kohramlive : मध्यप्रदेश और राजस्थान की हवा में इन दिनों सन्नाटा पसरा है। क्योंकि, किसी घर में बच्चे के खिलौने पड़े हैं, पर अब उसकी किलकारियां नहीं। मासूम जिनकी खांसी रुकनी थी, उनकी सांसें ही रुक गईं और वजह बनी, वही खांसी की सिरप, जो भरोसे की बोतल में मौत बनकर निकली। मध्यप्रदेश और राजस्थान में 14 बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद
केंद्र और राज्य सरकारें हरकत में आ गई हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में दवा बनाने वाली फैक्ट्रियों की जांच शुरू की है। जांच में सामने आया कि कोल्ड्रिफ सिरप में डाइएथिलीन ग्लाइकोल (DEG) की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई, जो किडनी फेलियर और मौत का कारण बन सकती है। यह सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम में बनी थी। अब तमिलनाडु और मध्यप्रदेश, दोनों ने इस सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए मासूमों में दिव्यांश (7), अदनान (5), हेतांश (5), उसैद (4), श्रेया (18 माह), विकास (4), योगिता (5), संध्या (1.25 वर्ष), योजिता (2 वर्ष) और अन्य…हर नाम के साथ जुड़ी है एक अधूरी कहानी और एक टूटा हुआ घर।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को सख्त परामर्श जारी किया है कि दो साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप बिल्कुल न दें। पांच साल से कम उम्र के बच्चों को डॉक्टर की सलाह और सीमित मात्रा में ही दी जाये। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिये खतरनाक दवाओं पर अब चेतावनी लेबल अनिवार्य होगा। गुजरात सरकार ने भी एहतियातन राज्य में बिक रही सभी कफ सिरप की जांच के आदेश दिये हैं। तेलंगाना ने कोल्ड्रिफ सिरप पर “स्टॉप यूज नोटिस” जारी कर जनता को चेताया है। वहीं, तमिलनाडु, राजस्थान और केरल ने संदिग्ध दवाओं के उत्पादन व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। राजस्थान में दवा नियंत्रण अधिकारी राजाराम शर्मा को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
छिंदवाड़ा जिले में सात सितंबर से अब तक 11 बच्चों की मौत ने सबको झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह बेहद दुखद है। कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री पूरे राज्य में प्रतिबंधित कर दी गई है।” सिरप बनाने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों पर भी रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है।
इसे भी पढ़े : साप्ताहिक राशिफल (6 से 12 अक्टूबर) : किसका चमकेगा भाग्य? जानें…
इसे भी पढ़े : “प्रेम ने पहन ली अंगूठी” रश्मिका और विजय की सगाई से सजा…
इसे भी पढ़े : सेवानिवृत्ति के दिन ही मिले सभी लाभ, DC ये बोल गये…
इसे भी पढ़े : मुखिया सपना रहस्यमय ढंग से गायब, बोकारो में सनसनी






