Ranchi : रांची समाहरणालय के ब्लॉक–ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष आज भावनाओं, सम्मान और स्मृतियों से सराबोर था।
यहां रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सेवा निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिले के सात सेवानिवृत्त शिक्षकों को DC ने स्वयं शाल ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों में राजू कुमार उपाध्याय (स.शि. रा.उ.म.वि. गागी, कांके), सरोज लकड़ा (स.शि. रा.म.वि. सुकुरहुद्ध, कांके), अनिल कुमार (स.शि. रा.म.वि. टांगर, चान्हों), विनोद कुमार (स.शि. रा.म.वि. लुन्दरी, चान्हों), अजय कुमार (स.शि. रा.म.वि. लालगुटुवा, नगड़ी), सुमन किस्पोट्टा (स.शि. संत जोसेफ मध्य विद्यालय, हुलहुण्डू) एवं जीवानी बागे (स.शि. गोस्नर म.वि., रांची-2 शामिल रहे।
DC भजन्त्री ने कहा कि “आज रांची जिला एक मिसाल कायम कर रहा है। यहां सेवानिवृत्ति के दिन ही शिक्षकों को उनके सभी रिटायरमेंट लाभ दे दिये जा रहे हैं। यह सिर्फ प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि सम्मान की संस्कृति की शुरुआत है।” उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि जीवन के इस नए अध्याय में वे अपने अनुभवों से समाज को मार्गदर्शन देते रहें। आपकी सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि सेवा का नया अध्याय शुरू हो रहा है।” कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने एक-एक शिक्षक से उनके अनुभव साझा करने को कहा। हर चेहरे पर वर्षों की यादें थीं, बच्चों की मुस्कानें, ब्लैकबोर्ड की खड़खड़ाहट, और स्कूल की घंटी की गूंज। भजन्त्री ने कहा कि शिक्षा विभाग को ऐसे समर्पित शिक्षकों पर गर्व है। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को इस सुंदर आयोजन के लिये विशेष धन्यवाद दिया। अंत में उन्होंने प्रार्थना की “ईश्वर आप सभी को दीर्घायु, अच्छा स्वास्थ्य और नई ऊंचाइयां प्रदान करें।”
📞 अबुआ साथी – 9430328080
(जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर)












