रांची : Corona का कहर जारी है। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शनिवार को जहां बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल नामकुम के कुल 16 टीचर और स्टाफ कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं रांची के पूर्व सीएस का पूरा परिवार भी संक्रमित पाया गया। वहीं राजधानी के मेकॉन कॉलोनी को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
शुक्रवार को बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल नामकुम में पेरेंट्स-टीचर मीटिंग रखी गयी थी। मीटिंग के बाद स्कूल प्रबंधन ने टीचर और स्टाफ का कोरोना टेस्ट कराया। इस टेस्ट में टीचर और स्टाफ को मिलाकर कुल 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्कूल से एक साथ इतने संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। स्कूल प्रबंधन ने पूरे स्कूल परिसर को सैनिटाइज कराने का निर्णय लिया है।
इसे भी पढ़ें : “विदेश जैसा बना देंगे झारखंड की सड़कों को, कोई राजनीति नहीं करेंगे”
रांची के पूर्व सीएस वाइके सिन्हा व उनके परिवार के 12 लोग भी पॉजिटिव पाये गये हैं। वाइके सिन्हा रातू प्रखंड के रातू किला के पश्चिम दिशा में स्थित लीची बगान में रहते हैं। उन्होंने अपना और पूरे परिवार का कोरोना जांच के लिए रातू सीएचसी में सैंपल दिया था। जहां सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक साथ एक ही परिवार के 12 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद कॉलोनी के लोगों में डर समा गया है।
इसे भी पढ़ें : अमेरिका के ‘शाहजहां’ ने अपनी ‘मुमताज’ के लिए खुद को गंगा में झोंका
मेकॉन कॉलोनी बना माइक्रो कंटेनमेंट जोन
रांची के डोरंडा स्थित मेकॉन कॉलोनी में कोरोना विस्फोट हुआ है। जिला प्रशासन ने 30 घरों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए सील कर दिया है। इन घरों में रहने वाले लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। अरगोड़ा के इंसिडेंट कमांडर अरविंद ओझा ने बताया कि कॉलोनी के 40 लोग संक्रमित हैं। कॉलोनी में बिना मास्क के लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। साथ बिना चेकिंग के किसी भी गाड़ियों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के लिए अलग से मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
डीसी छवि रंजन ने मेकॉन कॉलोनी का किया निरीक्षण
DC छवि रंजन ने मेकॉन कॉलोनी का निरीक्षण किया और स्थितियों का जायजा लिया। डीसी ने कॉलोनी में बनाए गए विभिन्न कंटेनमेंट जोन का खुद जाकर जायजा लिया और अधिकारियों से संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और कांटेक्ट ट्रेसिंग की सूची साझा करने का कहा। डीसी ने रांचवासियों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। डीसी ने कहा कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग जरूर करें।
इसे भी पढ़ें : देखिए, कैसे क्रिकेटर बनने की चाह में बन गया शार्प शूटर तौकिर
हमारा मकसद डराना नहीं, जागरूक करना है।
कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें
स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें












