- सीएम ने अमृत वाहिनी वेबसाइट, एप और चैटबोट का किया लोकार्पण
- चैटबोट के जरिये संक्रमित ले सकते हैं ऑनलाइन चिकित्सीय परामर्श
- सर्दी, जुकाम और बुखार होने पर खुद को आइसोलेट करें, कोरोना टेस्ट कराएं
रांची : झारखंड के अस्पतालों में अब ऑक्सीजन बेड और वेंटिलेटर युक्त आईसीयू की बुकिंग ऑनलाइन होगी। मरीजों को अब अस्पताल-दर-अस्पताल नहीं भटकना होगा। इसको लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने सारे इंतजाम कर दिए हैं। शुक्रवार को अमृत वाहिनी वेबसाइट, एप्प और चैटबोट का सीएम हेमंंत सोरेन ने उद्घाटन किया।
कोरोना पर काबू पाने के लिए लगातार हो रहा प्रयास
इस मौके पर उन्होंने कहा कि कोरोना पर काबू पाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस दिशा में कई कारगर व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं, जिनका फायदा राज्यवासियों को हो रहा है। इसी क्रम में अमृत वाहिनी के जरिये एक और कदम आगे बढ़े हैं। इस वेब पोर्टल और मोबाइल एप तथा चैटबोट के माध्यम से अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड और वेंटिलेटर युक्त आईसीयू की उपलब्धता और उसकी ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकती है। वाट्स एप चैटबोट के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श के साथ कोविड से संबंधित सभी जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
चुनौतियों से निपटने के लिए उठाए जा रहे कई कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में जिस तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है, सरकार भी उसी गति के साथ इससे निपटने के लिए काम कर रही है। इस सिलसिले में अस्पतालों में ऑक्सीजन युक्त बेड और वेंटिलेंटर निरतंर बढ़ रहे हैं। संक्रमितों को बेहतर और समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास लगातार जारी है। आइसोलेशन में रहने वाले संक्रमितों को कोविड मेडिकल किट उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक लगभग 43 हजार लोगों को यह उपलब्ध कराया जा चुका है। कोविड सर्किट के माध्यम से 800 से ज्यादा संक्रमितों को ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध कराया जा चुका है।
24 घंटे ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था
संजीवनी वाहन के माध्यम से अस्पतालों के लिए इमरजेंसी में चौबीस घंटे ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की गई है। निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए 70 प्रतिशत बेडों को आरक्षित करने का निर्देश दिया जा चुका है।
लोग घबराएं नहीं, सरकार मदद के लिए तैयार
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से आग्रह किया कि वे सर्दी, जुकाम और बुखार को हल्के में न लें। यह कोरोना का लक्षण हो सकता है। अगर किसी में ये लक्षण हैं तो वे तुरंत अपने को आइसोलेट कर लें और कोरोना टेस्ट कराएं। इससे ना सिर्फ आप अपने को बचा सकते हैं बल्कि परिवार को भी सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग हतोत्साहित हो रहे है। मेरा लोगों से आग्रह है कि वे घबराएं नहीं। सरकार उनकी मदद के लिए पूरी तरह तैयार है। वर्तमान हालात में काफी संवेदनशीलता और सहनशीलता के साथ काम करने की जरूरत है। सभी की सहभागिता और सहयोग से कोरोना को काबू में कर सकते हैं।
इनकी रही मौजूदगी
मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विकास आयुक्त-सह- स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का और नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव श्री विनय कुमार चौबे मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें :Twitter पर Trending सीएम हेमंत सोरेन… #HemantSoren
इसे भी पढ़ें :TSPC के चार उग्रवादियों को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा, दो इंसास रायफल और गोलियां जब्त








