Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण के मयुरहंड थाना क्षेत्र के कदगांवा गांव के पूर्व सैनिक जगदेव सिंह 20 मई की दोपहर चौपारण स्थित इंडसइंड बैंक के ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात बदल गये। मशीन में उनका ATM कार्ड फंस गया और तमाम कोशिशों के बावजूद बाहर नहीं निकला। इसी दौरान वहां मौजूद एक अजनबी ने “मददगार” बनकर एंट्री ली। उसने भरोसा दिलाया कि ATM मशीन पर लिखे कस्टमर केयर नंबर पर फोन करिये, समस्या हल हो जायेगी।
प्लान के तहत किया साइबर फ्रॉड
उसकी बातों पर भरोसा कर पूर्व सैनिक ने बताये गये नंबर पर कॉल किया। दूसरी तरफ से बात करने वाले शख्स ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और धीरे-धीरे ATM कार्ड व बैंक खाते की पूरी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद अगला निर्देश मिला, SBI बैंक के पास पहुंचिये। पीड़ित जब कार्ड मशीन में फंसा छोड़कर बताये गये स्थान पर पहुंचे, तो वहां न कोई “कस्टमर केयर” था, न ही मदद करने वाला अजनबी। जब वे वापस ATM लौटे, तो उनका कार्ड भी गायब था। और फिर आया सबसे बड़ा झटका—मोबाइल पर 40,000 रुपये की निकासी का मैसेज। तब जाकर साफ हुआ कि वे एक सुनियोजित साइबर जाल में फंस चुके हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने चौपारण थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही संबंधित बैंक शाखाओं SBI और इंडसइंड बैंक, हजारीबाग को भी सूचना दी गई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और ATM के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने की तैयारी में है। स्थानीय लोगों ने ATM केंद्र पर सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति पर गंभीर सवाल उठाये हैं। उनका कहना है कि निगरानी की कमी और बाहरी लोगों की आसान पहुंच ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रही है।
इसे भी पढ़ें : चौपारण में ICAR की पहल से बदलेगा खेती का गणित… जानें कैसे
इसे भी पढ़ें : बकरीद को लेकर हाई अलर्ट, मॉक ड्रिल के निर्देश
इसे भी पढ़ें : कई नामचीन रेस्टोरेंटों को मिला नोटिस… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : युवाओं को परोस रहा था ‘जहर’, पुलिस ने दबोचा…
इसे भी पढ़ें : लालपुर के डी-कोर मॉल पार्किंग में फा’यरिंग, मची अफरा-तफरी…






