दिन भर की बड़ी खबरें….
1. दुनिया की सबसे लंबी क्रूज गंगा विलास को PM ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी
नदी जल मार्ग अब भारत की नई ताकत बनेगा। गंगा विलास क्रूज जहां-जहां से गुजरेगा वहां विकास की नया मार्ग तैयार होगा। पीएम मोदी ने शुक्रवार को यह बातें दुनिया के सबसे लंबी क्रूज गंगा विलास को वर्चुअली हरी झंडी दिखाने के दरम्यान कही। शानदार, जानदार और लाजवाब है रिवर क्रूज गंगा विलास। क्रूज पूरी तरह से इको फ्रेंडली है। क्रूज की बनावट और साज-सज्जा फाइव स्टार होटल से कम नहीं। गंगा विलास क्रूज की अपस्ट्रीम में रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा है। डाउनस्ट्रीम में इसकी रफ्तार दोगुनी हो जायेगी। क्रूज को चलाने में एक रोज में एक हजार लीटर डीजल खर्च होंगे। इसकी ईंधन क्षमता 40 हजार लीटर की है। दुनिया के सबसे लंबी क्रूज की लंबाई साढ़े 62 मीटर और चौड़ाई 12.8 मीटर है। इसमें कुल 18 सुइट्स हैं। 40 सीट का एक रेस्टोरेंट, स्पा रूम और तीन सनडेक हैं। म्यूजिक का भी पूरा इंतजाम है। 32 पर्यटकों सहित कुल 80 यात्रियों के ठहरने की सुविधा है। इसके फर्नीचर, क्रॉकरी, कमरों के रंग व डिजाइन में 1960 के बाद के भारत की झलक दिखेगी। क्रूज की बुकिंग अगले दो सालों तक के लिए फुल हो गई।

2.चाईबासा में आज फिर IED ब्लास्ट
चाईबासा में आज फिर IED ब्लास्ट हुआ है। यह ब्लास्ट टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बहाका इलाके में सुबह के 11 बजे हुआ। हालांकि इस विस्फोट में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यहां याद दिला दें कि झारखंड पुलिस को खबर मिली थी कि नक्सलियों के टॉप नेता कोल्हान के जंगली इलाकों में आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद कोल्हान के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ऑपरेशन के दरम्यान बीते बुधवार और गुरुवार को भी IED ब्लास्ट हुआ था। बुधवार को ब्लास्ट में सीआरपीएफ के 6 जवान जख्मी हो गये थे। वहीं, गुरुवार की ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के 3 जवान घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया था। रांची में तीन जवानों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स भेजा गया है। उन्हें विशेष विमान से भेजा गया है। चाईबासा में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।

3.पूर्व विधायक निर्मला देवी होटवार जेल से निकली बाहर
पूर्व विधायक निर्मला देवी शुक्रवार को होटवार जेल से बाहर निकल गईं। हाई कोर्ट से बेल मिलने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। निर्मला देवी को लेने उनके पति पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, बेटी बड़कागांव विधायक अम्बा प्रसाद, बेटा अंकित राज और छोटी बेटी अनुप्रिया होटवार जेल पहुंचे थे। जेल से निकलने के बाद निर्मला देवी ने कहा कि न्यायालय पर पूरा भरोसा था कि उन्हें और उनके परिवार को न्याय जरूर मिलेगा। यहां याद दिला दें कि बड़कागांव में एनटीपीसी के खिलाफ हुए एक आंदोलन में हुई गोलीबारी मामले में रांची की एमपी एमएलए कोर्ट ने निर्मला देवी को सजा सुनाई थी। पूर्व विधायक ने झारखंड हाई कोर्ट में बेल की अपील की थी।

4.बिहार में 81 डॉक्टरों को सेवा से किया गया बर्खास्त
बिहार में 81 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। शुक्रवार को हुए कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता सीएम नीतीश कुमार कर रहे थे। इल्जाम है कि बर्खास्त किये गये सभी डॉक्टर बिना किसी इंफॉर्मेशन के गुजरे पांच सालों अपनी ड्यूटी नहीं कर रहे थे। सभा अपनी सेवा से नदारद थे। इनमें से 17 डॉक्टरों के नाम को सार्वजनिक कर दिया गया है। वहीं, अन्य 64 डॉक्टरों को भी सेवामुक्त कर दिया गया। सभी डॉक्टर बिहार के विभिन्न अस्पतालों में पोस्टेड थे। इनके खिलाफ सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थी। मिली शिकायतों की जांच की गई। जांच में इल्जाम सही पाये गये और कैबीनेट की बैठक में सभी को सेवामुक्त करने का फैसला ले लिया गया। सरकार की इस कड़ी कार्रवाई से मेडिकल जगत में हड़कंप मच गया। कैबीनेट की बैठक में कुल 41 एजेंडों को ग्रीन सिग्नल मिला।

5.पलामू के चैनपुर मोड़ पर सरेशाम फायरिंग
पलामू के चैनपुर मोड़ पर शुक्रवार को सरेशाम फायरिंग कर दी गई। इस फायरिंग में एक शख्स जख्मी हो गया। उसके पेट में गोली लगी है। वहीं, दूसरे शख्स के सिर को छूते हुए गोली निकल गई। मिली जानकारी के अनुसार चार लोग चैनपुर मोड़ पर एक वाइन शॉप के बाहर खड़े थे। अचानक किसी बात को लेकर आपस में ही भिड़ गये। बात बढ़ गई और एक शख्स ने हथियार निकाल कर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं, गोली चलाने वाला सहित दो लोग मौके से भाग निकलने में कामयाब रहे। गोली चलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची चैनपुर थाना की पुलिस ने जख्मी शख्स को एमएमसीएच में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस आगे की छानबीन में जुट गई है।

6.पारसनाथ इलाके का बेताज बादशाह खूंखार नक्सली पकड़ा गया
पारसनाथ इलाके का बेताज बादशाह खूंखार नक्सली कृष्णा हांसदा पकड़ा गया। 15 लाख के इनामी कृष्णा गिरीडीह के डुमरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में धरा गया। हालांकि पुलिस के किसी छोटे-बड़े अधिकारी ने उसके पकड़े जाने की पुष्टि नहीं की है। गिरीडीह और CRPF के जवान बीते कई दिनों से कृष्णा को दबोचने के लिए साझा अभियान चला रहे थे। कई बार कृष्णा पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। पर इस बार चकमा नहीं दे सका। 1 करोड़ के इनामी और नक्सलियों के थिंक टैंक कहे जाने वाले प्रशांत बॉस की गिरफ़्तारी के बाद कृष्णा को पारसनाथ इलाके की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।

7.छुट्टी में घर आए फौजी की खूनी निकली उसकी जीवन संगिनी
छुट्टी में घर आए फौजी परना उरांव की खूनी उसकी जीवन संगिनी बुधेश्वरी देवी ही निकली। इस कुकर्म में उसका साथ उसके प्रेमी विनय लकड़ा ने दिया। यह राज बुधेश्वरी और विनय ने पुलिस के सामने उगला। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। फौजी बीते 5 जनवरी को अपने घर छुट्टी में आया था। उसका घर गुमला के खोरा जामटोली में है। फौजी अपनी पत्नी बुधेश्वरी देवी और उसके प्रेमी विनय लकड़ा के बीच कायम नाजायज रिश्ते के बारे में जान गया था। बीते बुधवार दोनों पति-पत्नी में लड़ाई झगड़ा हो गया। बात इतनी बिगड़ गयी कि पत्नी ने अपने पति के सिर पर रड से दे मारा। खून से लथपथ फौजी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बुधेश्वरी देवी ने झूठी कहानी गढ़ पुलिस को बताया कि उस रात दोनों सोने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय 4-5 की संख्या में आए अपराधियों ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया।

8.मोस्ट वांटेड इनामी महिला नक्सली रेणु कोड़ा धरायी
ट्रेन हॉल्ट कर पुलिस जवानों से हथियार लूट लेने के मामले में मोस्ट वांटेड इनामी महिला नक्सली रेणु कोड़ा झारखंड में धरा गयी। वह देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के चापरिया गांव में पनाह लिए हुए थी। बिहार पुलिस फाइल में उसके नाम करीब 19 संगीन केस दर्ज है। इसमें हत्या, लूट, रंगदारी और अपहरण जैसे कई संगीन मामले शामिल है। किसी भी वारदात को बेखौफ अंजाम देने वाली रेणु कोड़ा बिहार पुलिस के लिए सिर दर्द बन गयी थी। उसके सिर पर 50 हजार का इनाम रखा गया था। उसके पीछे STF को लगाया गया था। भारी मशक्कत के बाद मोस्ट वांटेड रेणु का लोकेशन देवघर में मिला। इसके बाद देवघर आयी बिहार STF ने जसीडीह पुलिस की मदद से उसे धर लिया। उसके पास से एक उम्दा किस्म का हथियार और कुछ अन्य सामान मिले हैं।

9.झारखंड के वकील सोमवार से अपने काम पर लौटेंगे वापस
झारखंड के वकील सोमवार से अपने काम पर वापस लौट जाएंगे। कोर्ट फी बढ़ाने के खिलाफ चलाये जा रहे आंदोलन को वापस ले लिया गया है। यह आंदोलन बीते 6 जनवरी से चल रहा था। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना, कोर्ट फी वृद्धि की वापसी सहित अन्य मांग को लेकर वकील प्रदर्शन कर रहे थे। शुक्रवार को हुई स्टेट बार काउंसिल की बैठक में आंदोलन वापस लेने का फैसला लिया गया। काउंसिल के सदस्य एके रसीदी का कहना है कि आंदोलन का स्वरूप अब बदल दिया जाएगा। अब किस तरीके से आंदोलन किया जाएगा, इस बात का फैसला आगे की बैठक में होगा।

10.IT की जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर में रेड
IT की टीम ने जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के कई कंपनियों और घरों में रेड कर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये कैश बरामद किए है। वहीं बेनामी संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज, निवेश के कागजात और सोने के कीमती आभूषण मिले हैं। IT की टीम ने करीब 6 जगहों पर एक साथ छापामारी की। IT टीम ने आज सुबह 9 बजे आदित्यपुर के दोराबजी ऑटो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में छापा मारा। कंपनी के मालिक जावेद और उसके पार्टनर के घरों में भी रेड की गयी। इस दौरान मोटी रकम और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। वहीं IT की टीम ने बंद पड़ी एक फैक्ट्री को भी खंगाला। आशंका है कि इस रेड के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

11.15 जनवरी को मनाया जायेगा मकर संक्रांति का पर्व
सूर्य उपासना का पर्व मकर संक्रांति इस साल 15 जनवरी को मनाया जायेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे के करीब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस वजह से सूर्योदयकालीन तिथि को मानते हुये 15 जनवरी को मकर संक्रांति मनाया जायेगा। मकर संक्रांति का पुण्य काल 15 जनवरी 2023 को सुबह 7 बजकर 17 मिनट से शाम 5.55 तक रहेगा। मकर संक्रांति पर महापुण्य काल 15 जनवरी को प्रातः 7.17 से प्रातः 9.04 तक रहेगा।

जिसकी अवधि लगभग 1 घंटा 46 मिनट होगी। महापुण्य काल के समय श्रद्धालु दान कर सकते हैं। सूर्य का मकर राशि में प्रवेश 14 जनवरी 2023 को दोपहर 2:12 पर होगा। मकर संक्रांति पर सूर्य को अर्ध्य, दान और पूजा का खास महत्व है। सूर्य को यश, गौरव, पराक्रम और आत्मा का कारक माना गया है। इस दिन सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं। इस दिन को देवी-देवताओं का दिन माना गया है। इस दिन सूर्य अपने पुत्र शनिदेव से नाराजगी भूलाकर उनके घर गये थे। इस दिन से मलमास खत्म होने के साथ शुभ काम शुरू हो जाता है। इस दिन स्नान, पूजा, जप, तप, दान का विशेष फल होगा। इस दिन चूड़ा-दही और तिल से बने सामान और खिचड़ी खाने की प्रथा है।

इसे भी पढ़ें : पेपर लीक मामला : प्रिंसिपल सहित 4 टीचरों की गई नौकरी…
इसे भी पढ़ें : दिग्गज नेता शरद यादव का पैतृक गांव में कल होगा अंतिम संस्कार
इसे भी पढ़ें :बिहार में 81 डॉक्टर सेवा से बर्खास्त…देखें क्यों
इसे भी पढ़ें :शानदार, जानदार, लाजवाब है क्रूज गंगा विलास, खासियत जान रह जायेंगे दंग, देखें…
इसे भी पढ़ें :दूर कर लें कंफ्यूजन, कब है मकर संक्रांति ? 14 या 15 जनवरी, जानें…






