Delhi : प्रकृति जितनी खूबसूरत है, उतनी ही रहस्यमयी भी। दुनिया में ऐसे कई पेड़-पौधे हैं, जो देखने में बिल्कुल सामान्य लगते हैं, लेकिन उनके भीतर ऐसा खतरा छिपा होता है जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। ऐसा ही एक पेड़ है मैनशिनील (Manchineel Tree), जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक पेड़ों में गिना जाता है। इसकी जहरीली प्रकृति के कारण इसे ‘ट्री ऑफ डेथ’ (मौत का पेड़) भी कहा जाता है।
छोटे से सेब जैसा दिखता है इसका फल
‘मैनशिनील’ नाम स्पेनिश शब्द ‘मंजानिला’ से बना है, जिसका अर्थ है ‘छोटा सेब’। इसके फल देखने में छोटे हरे सेब जैसे लगते हैं, लेकिन यही इसकी सबसे बड़ी चाल है। आकर्षक दिखने वाला यह फल इंसानों के लिये बेहद खतरनाक माना जाता है।
यहां पाया जाता है यह जहरीला पेड़
यह पेड़ मुख्य रूप से कैरेबियन द्वीपों, फ्लोरिडा, बहामास, मध्य अमेरिका और उत्तरी दक्षिण अमेरिका के समुद्री तटीय इलाकों में पाया जाता है। इसकी ऊंचाई लगभग 15 से 50 फीट तक हो सकती है। कई जगह यह झाड़ी के रूप में भी दिखाई देता है।
पेड़ का हर हिस्सा है जहरीला
इस पेड़ की सबसे खतरनाक बात यह है कि फल, पत्तियां, छाल, दूधिया रस और यहां तक कि लकड़ी भी जहरीले तत्वों से भरी होती है। यानी इसका लगभग हर हिस्सा इंसानों के लिये नुकसानदायक हो सकता है।
बारिश में इसके नीचे खड़ा होना भी पड़ सकता है भारी
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के दौरान इस पेड़ के नीचे खड़ा होने से भी बचना चाहिये। इसकी पत्तियों से टपकने वाला पानी जहरीले रस के संपर्क में आ सकता है, जिससे त्वचा पर तेज जलन, फफोले या छाले पड़ सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, इसके दूधिया रस के संपर्क में आने से त्वचा में जलन, खुजली, आंखों में परेशानी, सिरदर्द और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। वहीं इसकी लकड़ी जलाने पर निकलने वाला धुआं आंखों में गंभीर जलन पैदा कर सकता है और कुछ मामलों में अस्थायी रूप से देखने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।
मीठा स्वाद लेकिन कुछ ही मिनटों में…
बताया जाता है कि इसका फल शुरुआत में मीठा लग सकता है, लेकिन थोड़ी ही देर बाद मुंह और गले में तेज जलन, सूजन, दर्द और निगलने में कठिनाई होने लगती है। इसलिये इसे खाना बेहद जोखिम भरा माना जाता है। जिन इलाकों में यह पेड़ पाया जाता है, वहां अक्सर इसके आसपास चेतावनी बोर्ड लगाये जाते हैं या पेड़ों पर लाल निशान बना दिये जाते हैं, ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग अनजाने में इसके संपर्क में न आयें।
इसे भी पढ़ें : BSNL ने लॉन्च किया सैटेलाइट फोन, कीमत और खासियत चौंका देगी…
इसे भी पढ़ें : आलिया भट्ट और शर्वरी का छाया जलवा, फैंस बोले, चुरा ली सारी लाइमलाइट…
इसे भी पढ़ें : सदमे में केतन के दादा की भी चली गई जान, दुखी पिता ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र… जानें
इसे भी पढ़ें : किचन में निकालिये कुछ मिनट, खुद को ऐसे रखें फिट…
इसे भी पढ़ें : झारखंड पूरे देश का पेट पालता, दिल्ली में क्या बोले CM हेमंत सोरेन… देखें वीडियो








