Hazaribagh : हजारीबाग की सड़कों पर सोमवार को एक ऐसा दृश्य दिखा, जिसने हर किसी को ठिठककर देखने पर मजबूर कर दिया। नंगे पांव चल रहे एक संत की गोद में विराजमान भगवान थे और उनके पीछे-पीछे सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोग चल रहे थे। ये लोग सीधे समाहरणालय पहुंचे। वे भगवान की जमीन बचाने की गुहार लेकर पहुंचे थे। हजारीबाग के इचाक स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी की जमीन पर कथित भू-माफियाओं की नजर पड़ गई है। इल्जाम है कि मंदिर की जमीन को फर्जी कागजात के सहारे बेचा जा रहा है। जब हर दरवाजा खटखटाने के बाद भी समाधान नहीं निकला, तो ठाकुरबाड़ी के महंत विद्यानंद दास ने एक अनोखा रास्ता चुना। वे स्वयं भगवान को गोद में लेकर DC और SP के दरवाजे तक पहुंच गये।
“अब भगवान के घर पर भी गिद्ध नजर”
बड़ा अखाड़ा के महंत विद्यानंद दास नंगे पांव शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुये समाहरणालय पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सनातनी समाज के लोग भी मौजूद थे। महंत ने कहा कि अब हालत ऐसी हो गई है कि भगवान की जमीन भी सुरक्षित नहीं रह गई है। उन्होंने इल्जाम लगाया कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेज बनाकर ठाकुरबाड़ी की जमीन का सौदा कर रहे हैं। उनका कहना था कि 181 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर की जमीन को बचाने के लिये वे लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। आखिरकार भगवान को ही न्याय की गुहार लगाने प्रशासन के दरबार तक लाना पड़ा।
रामगढ़ राज परिवार से जुड़ी है विरासत
इचाक की यह ठाकुरबाड़ी सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि इलाके की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर मानी जाती है। बताया जाता है कि इस मंदिर का संबंध रामगढ़ राज परिवार से भी रहा है। इसी वजह से जमीन विवाद का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि धार्मिक संस्थाओं की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
DC ने दिया भरोसा, बोले, भगवान की जमीन कोई नहीं छीन सकता
महंत और श्रद्धालुओं की फरियाद सुनने के बाद हजारीबाग के DC हेमंत सती और SP अमन कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया। DC हेमंत सती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जमीन ठाकुरबाड़ी की है, तो उसे कोई नहीं छीन सकता। पूरे मामले की जांच कराई जायेगी और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।पुलिस और प्रशासन दोनों ने मंदिर प्रबंधन को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
![]()
इसे भी पढ़ें : हेमंत कैबिनेट के बड़े फैसले, रांची की सड़कें होंगी चौड़ी…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन से कांग्रेस नेताओं ने की मुलाकात…
इसे भी पढ़ें : पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, किसे कहां मिली पोस्टिंग… देखें लिस्ट
इसे भी पढ़ें : राजधानी में 20 जून तक स्कूल बंद, आदेश जारी…
इसे भी पढ़ें : बेखौफ अपराधी! कुछ ही घंटों में एक और कांड…










