Ranchi : नई दिल्ली से जारी गृह मंत्रालय की ऑल इंडिया पुलिस स्टेशन रैंकिंग 2025 में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना ने देशभर में चौथा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। खास बात यह है कि चौका थाना को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ थाना भी घोषित किया गया है। हर साल गृह मंत्रालय (MHA) देश के हजारों पुलिस थानों का स्वतंत्र एजेंसी से व्यापक सर्वे कराता है। इसमें CCTNS डेटा, अपराध नियंत्रण, महिलाओं और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों की हैंडलिंग, नागरिकों का फीडबैक, स्वच्छता, आईटी व फोरेंसिक सुविधायें, डिजिटल रिकॉर्ड, चार्जशीटिंग की दक्षता और पुलिस-जन व्यवहार जैसे पैमानों पर मूल्यांकन होता है। इसी आधार पर DGsP/IGsP कॉन्फ्रेंस में शीर्ष थानों की रैंकिंग घोषित की जाती है।
हाल ही में रायपुर में हुई कॉन्फ्रेंस में घोषित नतीजों में 18 हजार से अधिक थानों के बीच चौका थाना का चौथे पायदान पर पहुंचना जिले और राज्य, दोनों के लिए गर्व की बात है। सरायकेला-खरसावां के SP मुकेश लुणायत ने इसे टीमवर्क और “सेवा ही लक्ष्य” की सोच का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक थाने की नहीं, बल्कि झारखंड पुलिस की प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता का प्रमाण है।
इसे भी पढ़ें : ऑल इंडिया रैंकिंग 2025 : झारखंड में नंबर वन बना ये थाना




