Bihar : अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वालों ने एक बार फिर एक परिवार को ऐसा जाल में फंसाया कि देखते ही देखते घर की वर्षों की जमा पूंजी हाथ से निकल गई। काले साये और तांत्रिक बाधा का डर दिखाकर तीन शातिर ठगों ने पहले भरोसा जीता, फिर रहस्यमयी धुएं का खेल दिखाया और आखिर में पूजा के नाम पर लाखों रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गये। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। अब पुलिस CCTV फुटेज के सहारे ठगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
तांत्रिक बनकर पहुंचे, डर ऐसा दिखाया कि परिवार फंस गया
सकतपुर थाना क्षेत्र के राजाखरवार पंचायत अंतर्गत भेलवा टोला में शुक्रवार को तीन युवक तांत्रिक बनकर पहुंचे। उन्होंने खुद को ऐसा पेश किया, जैसे वे परिवार की किसी बड़ी अनहोनी को टाल सकते हैं। पीड़ित रूपन महतो की पत्नी शोभा देवी ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में एक व्यक्ति कारू बाबा स्थान पर यज्ञ होने की बात कहकर उनके घर आया। कुछ देर बाद उसके दो साथी भी वहां पहुंच गये। बातचीत के दौरान ठगों ने परिवार पर ‘काला साया’ और बड़े संकट का डर दिखाया। डर और चिंता के माहौल में परिवार उनकी बातों पर विश्वास करने लगा।
पानी में निकला धुआं और बढ़ गया भरोसा
ठगों ने परिवार से पानी और अक्षत मंगवाया। इसके बाद कुछ बूंदें परिवार के सदस्यों पर छिड़कीं और बचे हुये पानी को एक कटोरे में रखकर उसमें कोई पदार्थ मिला दिया। देखते ही देखते कटोरे से धुआं निकलने लगा। इस ‘चमत्कार’ को देखकर परिवार पूरी तरह ठगों के प्रभाव में आ गया और उन्हें लगा कि घर में सचमुच कोई तांत्रिक बाधा है। ठगों ने दावा किया कि विशेष पूजा करने से संकट टल जायेगा। इसके लिये उन्होंने घर के सभी जेवर एक कपड़े में बांधने को कहा। परिवार ने उनकी बात मान ली और गहने-जेवरों की पोटली शोभा देवी की सास के हाथ में दे दी गई। इसके बाद ठगों ने सभी लोगों को घर के पीछे स्थित बगीचे में जाकर अगरबत्ती जलाने के लिये भेज दिया। बस यही मौका ठगों को चाहिये था। परिवार के लोग जैसे ही बगीचे की ओर गये, तीनों आरोपी जेवर की पोटली लेकर फरार हो गये। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग वापस घर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से ठग गायब थे और साथ ही गायब थी लाखों रुपये के गहनों से भरी पोटली। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी गये जेवरों की कीमत दस लाख रुपये से अधिक है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में कैद हुई ठगों की भागने की तस्वीर
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में तीनों आरोपी एक सफेद अपाचे बाइक से भागते हुये दिखाई दिये हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिये संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस बीच पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक और चमत्कार के नाम पर घर में आने वाले अजनबियों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इसे भी पढ़ें : गर्लफ्रेंड के सीने में दूसरे का नाम देख दाग दी 3 गो’लियां, फिर…
इसे भी पढ़ें : पेपर लीक माफिया की अब खैर नहीं! राष्ट्रपति की मंजूरी, सख्त कानून लागू
इसे भी पढ़ें : झारखंड से संदिग्ध आतंकी की करीबी अरेस्ट, STF साथ ले गई बंगाल
इसे भी पढ़ें : रेलवे की दो चादरों का राज, रोचक बातें, जानें…
इसे भी पढ़ें : भोलेनाथ की राह में दर्द नहीं बनेगा रुकावट, कैसे जानें…







