Bihar : गया के फतेहपुर प्रखंड के गुरपा थाना क्षेत्र स्थित रंगून नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खेलते-खेलते तीन साल का बच्चा आयुष कुमार करीब 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गये। बच्चे को सही-सलामत बाहर निकालने के लिये युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद हर व्यक्ति की नजर बचाव टीम पर टिकी है और ग्रामीण मासूम की सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं।
खेलते-खेलते पहुंच गया मौत के मुहाने तक
खबर है कि रंगून नगर निवासी दीनेश मांझी का 3 साल का बेटा आयुष कुमार घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। बच्चे के गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व प्रशासन को इसकी जानकारी दी। मासूम के बोरवेल में गिरने की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये। बच्चे के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई बस एक ही उम्मीद लगाये बैठा है कि बचाव दल जल्द आयुष को सुरक्षित बाहर निकाल ले।
रेस्क्यू टीम लगातार कर रही है कोशिश
सूचना मिलते ही गुरपा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गये। टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। बोरवेल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई परेशानी न आये। बचावकर्मी लगातार बच्चे तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। बच्चे को सांस लेने में परेशानी न हो, इसके लिये पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। रेस्क्यू टीम हर संभव तकनीकी मदद का इस्तेमाल कर रही है, ताकि आयुष को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगायें, ताकि बचाव कार्य तेजी से और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। पुलिस मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने में लगी हुई है।
इसे भी पढ़ें : बिहार की बेटी ने अमेरिका में लहराया तिरंगा, 3 करोड़ की लिंकन स्कॉलरशिप जीती…
इसे भी पढ़ें : दहशत फैलाने निकला था, रोकने पर उतार दिया मौत के घाट… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : रांची में 10 दिन का ट्रैफिक डायवर्जन, देखें रूट चार्ट…
इसे भी पढ़ें : पतरातू डैम में अब तैरते रेस्टोरेंट का रोमांच…
इसे भी पढ़ें : RJD को बड़ा झटका, अब इस दिग्गज नेता ने दिया इस्तीफा…








