Delhi : क्रिकेट की दुनिया में कभी-कभी ऐसे सितारे जन्म लेते हैं, जिनकी चमक उम्र की सीमाओं को भी बौना बना देती है। IPL 2026 में ऐसा ही एक नाम हर क्रिकेट प्रेमी की जुबान पर छाया रहा वैभव सूर्यवंशी। महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसा कमाल कर दिखाया, जिसे हासिल करने का सपना कई दिग्गज खिलाड़ी भी देखते हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस सलामी बल्लेबाज ने पूरे सीजन अपने बल्ले से रन बरसाये और आखिरकार IPL 2026 की प्रतिष्ठित ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। IPL इतिहास में ऑरेंज कैप केवल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को नहीं मिलती, बल्कि यह पूरे सीजन में उसके दबदबे और निरंतरता की पहचान होती है। 2008 से शुरू हुये इस टूर्नामेंट में अब तक 19 सीजन में 15 अलग-अलग खिलाड़ी ऑरेंज कैप जीत चुके हैं। अब इस प्रतिष्ठित सूची में वैभव सूर्यवंशी का नाम भी सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है।
ऑरेंज कैप पर सबसे कम उम्र के दावेदार का कब्जा
जब सीजन शुरू हुआ था, तब बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि एक किशोर बल्लेबाज पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बनेगा। लेकिन वैभव ने हर मैच के साथ अपने खेल का स्तर ऊंचा किया और देखते ही देखते रन मशीन बन गये। राजस्थान रॉयल्स का सफर भले ही क्वालिफायर-2 में समाप्त हो गया, लेकिन वैभव की बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी बन गई। फाइनल मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुये थे, लेकिन खिताबी मुकाबले में दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके साथ ही वैभव का शीर्ष स्थान सुरक्षित हो गया।
776 रन, एक शतक और पांच अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 16 मैचों में 776 रन बनाये। उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ रन नहीं, बल्कि उनका आक्रामक अंदाज रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शानदार शतक और पांच अर्धशतक निकले। उनकी बल्लेबाजी ने विरोधी गेंदबाजों की रणनीतियों को कई बार ध्वस्त कर दिया।
गिल और सुदर्शन भी नहीं पहुंच सके करीब
ऑरेंज कैप की दौड़ आखिर तक रोमांचक बनी रही। वैभव सूर्यवंशी 776 रन, शुभमन गिल 732 रन, साई सुदर्शन 722 रन। वैभव और गिल के बीच 54 रन का अंतर था। फाइनल में गिल केवल 10 रन बना सके, जबकि सुदर्शन 12 रन बनाकर आउट हो गये। इसके साथ ही यह तय हो गया कि ऑरेंज कैप इस बार राजस्थान के युवा सितारे के सिर सजेगी। वैभव के प्रदर्शन के बाद क्रिकेट जगत में एक नई बहस भी शुरू हो गई है। कई पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ मानते हैं कि जिस आत्मविश्वास और परिपक्वता के साथ उन्होंने IPL में बल्लेबाजी की है, वह उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बनाती है। हालांकि राष्ट्रीय टीम में चयन का फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है, लेकिन इतना तय है कि वैभव ने अपने लिये भारतीय क्रिकेट के दरवाजे मजबूती से खटखटा दिये हैं।
डेविड वॉर्नर अब भी नंबर-1
अगर सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर अब भी शीर्ष पर हैं। उन्होंने 2015, 2017 और 2019 में कुल तीन बार ऑरेंज कैप जीती। वहीं क्रिस गेल और विराट कोहली दो-दो बार यह सम्मान अपने नाम कर चुके हैं। विराट कोहली का 2016 का सीजन, जिसमें उन्होंने 973 रन बनाये थे, आज भी IPL इतिहास की सबसे महान बल्लेबाजी उपलब्धियों में गिना जाता है।
युवाओं का युग, नये सितारों की चमक
पिछले कुछ वर्षों में IPL ने भारतीय क्रिकेट को कई युवा सितारे दिये हैं। ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, साई सुदर्शन और अब वैभव सूर्यवंशी इस बात का प्रमाण हैं कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग है। क्योंकि इस बार ऑरेंज कैप किसी अनुभवी बल्लेबाज ने नहीं, बल्कि 15 साल के एक किशोर ने जीती है। शायद यही IPL 2026 की सबसे खूबसूरत कहानी भी है। एक ऐसा लड़का, जिसने उम्र नहीं, अपने बल्ले को अपनी पहचान बनाया।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, लोकतंत्र डर और हिंसा से नहीं, संवाद से चलता है…
इसे भी पढ़ें : कोडरमा के किचन सेंटर में धमाका, चार लोग बेतरह झुलसे…
इसे भी पढ़ें : पहली पत्नी रहते रचाई दूसरी शादी, पहुंचा जेल…
इसे भी पढ़ें : सांसद बोले, मनोज और मनीष की जोड़ी विकास की गति को दोगुनी रफ्तार देगी…
इसे भी पढ़ें : चंद्रवंशी समाज ने होनहार बच्चों को किया सम्मानित…






