Hazaribagh : अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय समाज, चौपारण इकाई की ओर से आज बिगहा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 10वीं, 12वीं और उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी गईं। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं अभिभावकों की आंखों में गर्व साफ झलक रहा था। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ नेता छत्रधारी चंद्रवंशी ने की, वहीं, संचालन सिकंदर चंद्रवंशी ने किया। समारोह में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं में अमन कुमार, प्रिंस कुमार, बादल कुमार, रिमझिम कुमारी, श्रुति, श्रेया, स्नेहा कुमारी, पायल कुमारी, कोमल कुमारी, गुड्डी कुमारी, रीतेश कुमार, सन्नी, अक्षय, कोमल, मेहुल और गौरव कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।
“शिक्षा के बिना कोई समाज आगे नहीं बढ़ सकता”
समारोह को संबोधित करते हुये वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। अध्यक्षता कर रहे छत्रधारी चंद्रवंशी ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को नई पहचान और समाज को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा, शिक्षा के बिना कोई समाज आगे नहीं बढ़ सकता। शिक्षा ही वह हथियार है जिससे हम अपने क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर कर मुख्यधारा में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का छात्र ही कल का डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक, प्रशासक और जनप्रतिनिधि बनेगा। इसलिए बच्चों को सिर्फ अपनी सफलता तक सीमित नहीं रहना चाहिये, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिये।
शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
आयोजकों ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य सिर्फ मेधावी छात्रों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना भी है। उनका कहना था कि जब बच्चों की उपलब्धियों का सार्वजनिक सम्मान होता है, तो अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिये प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में अशोक चंद्रवंशी, करुणा चंद्रवंशी, मुरली चंद्रवंशी, राजेश चंद्रवंशी, रंजीत चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, भुनेश्वर चंद्रवंशी, रामबिलास चंद्रवंशी, सुनील शेखर, प्रदीप चंद्रवंशी, पवन चंद्रवंशी और नीरज चंद्रवंशी सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : गढ़वा जेल में बंदियों को बताया गया बच्चों का कानूनी हक…
इसे भी पढ़ें : खोये मोबाइल पाकर कई परिवारों के खिल उठे चेहरे…
इसे भी पढ़ें : बुजुर्ग की हाजत में बीती रात, 10 हजार लेकर छोड़ने का इल्जाम…
इसे भी पढ़ें : राहुल सिंह गैंग के 4 शू’टर धरा गये…
इसे भी पढ़ें : सूर्या का ‘का’तिल’ पुलिस मु’ठभेड़ में ढे’र…






