Latehar: लातेहार पुलिस को नक्सल अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने माओवादियों के जोनल कमांडर मृत्युजंय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईयां को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ माओवादी सदस्य बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को भी दबोच लिया गया। दोनों ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले राज उगल दिये हैं। इनके पास से एक स्वचालित AK-47 राइफल, AK-47 का मैगजीन और 6 जिंदा गोलियां, इंसास राइफल की 15 गोलियां, एक वायरलेस सेट, 1.50 लाख रुपये नकद, एक टैबलेट और चार सिम कार्ड एवं नक्सली पर्चे और अन्य कुछ चीजें मिली हैं। पुलिस के अनुसार जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईयां पर सरकार ने 10 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। वहीं माओवादी सदस्य बबलू राम पर 2 लाख रुपये का ईनाम रखा गया था। इस संबंध में जानकारी देते हुये लातेहार के पुलिस कप्तान कुमार गौरव ने बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि मृत्युंजय भुईयां अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय है। 12 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि मृत्युंजय भुईयां छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव में राशन और अन्य सामान लेने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर छिपादोहर और गारु थाना पुलिस के साथ सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम बनाकर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। SP के अनुसार, मृत्युंजय भुईयां पर लातेहार, पलामू, गढ़वा और छत्तीसगढ़ समेत कई इलाकों में 104 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं बबलू राम पर लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों में करीब 15 मामले दर्ज हैं। मृत्युंजय भुईयां लातेहार के छिपादोहर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है, जबकि बबलू राम बिहार के अरवल का निवासी बताया गया है। इस अभियान में छिपादोहर के थानेदार मो. यकीन अंसारी, गारु के थानेदार जयप्रकाश शर्मा, बारेसांढ़ के थानेदार शशि कुमार, महुआडांड़ के थानेदार मनोज कुमार, मनिका के थानेदार प्रभात कुमार दास, नेतरहाट के थानेदार अभिषेक कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। सुनें क्या बोले SP
लातेहार पुलिस की बड़ी सफलता! लातेहार पुलिस ने 10 लाख इनामी माओवादी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईयां (उर्फ दिलीप/प्रताप/अवधेश जी) और 2 लाख इनामी बबलु राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को ग्राम-हरिणामाड़, थाना छिपादोहर से छापेमारी कर गिरफ्तार किया। 1/4 pic.twitter.com/mPQlq8VW8x
— Latehar Police (@LateharPolice) March 14, 2026
इसे भी पढ़ें : एक पेड़, तीन लाशें और 28 मिनट की फोन कॉल, ट्रिपल डेथ मिस्ट्री…








