Hazaribagh : घरेलू विवाद की एक खौफनाक परिणति हजारीबाग के मंडई मोहल्ले से सामने आई है। इल्जाम है कि खाना नहीं बनाने को लेकर हुये कलह के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के साथ घर में सोता रहा। अगले दिन सुबह उसने पत्नी की मौत की जानकारी देकर मोहल्ले में शोर मचाया और फिर मौके से फरार हो गया। यह घटना 20 नवंबर की रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान उषा देवी के रूप में हुई है, वहीं, आरोपी पति का नाम सुरेंद्र भुइंया बताया गया है।
शराब पीकर घर लौटा, सो रही पत्नी पर किया हमला
लोहसिंघना के थानेदार निशांत केरकेट्टा ने मीडिया को बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी के खाना नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद वह शराब पीकर घर लौटा। उस वक्त उसकी पत्नी सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपी पूरी रात घर में पत्नी के शव के साथ रहा। अगले दिन सुबह उसने पत्नी की मौत की जानकारी देते हुये मोहल्ले में शोर मचाया। स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद लोहसिंघना थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। हालांकि, सुबह शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।




