Jamshedpur : भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद अब झारखंड तक पहुंच गया है। रविवार को जमशेदपुर पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने बिना नाम लिये कुछ कथावाचकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वालों को बावला, पाखंडी और धूर्त तक कह दिया। उनके इस बयान को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जोड़कर देखा जा रहा है। बाबा रामदेव महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम के प्रांतीय महासम्मेलन में शामिल हुये थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग वेद, दर्शन और उपनिषद का अध्ययन किये बिना ही खुद को सनातनी बताते हैं। ऐसे लोग हिंदू धर्म की रक्षा का दावा तो करते हैं, लेकिन पहले उन्हें अपने ज्ञान और आचरण पर ध्यान देना चाहिये। रामदेव के मुताबिक, धर्म की रक्षा का दावा करने से पहले व्यक्ति को खुद धर्म के सिद्धांतों को समझना और अपने जीवन में उतारना चाहिये।
प्रेत बाधा के नाम पर दरबार लगाने वालों पर निशाना
बाबा रामदेव ने प्रेत बाधा और भूत-प्रेत के नाम पर दरबार लगाने वाले कथावाचकों पर भी सवाल उठाये। उन्होंने व्यंग्य करते हुये कहा कि कुछ लोग बाल फैलाकर झटके देते हैं और लोगों में भूत-प्रेत होने का दावा करते हैं। इसके बाद पानी छिड़ककर समस्या दूर करने का दिखावा किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था और लोगों के विश्वास का इस्तेमाल कर उनका शोषण किया जा रहा है। बाबा रामदेव ने ऐसे तौर-तरीकों पर सवाल उठाते हुये कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को भ्रमित करना उचित नहीं है। बाबा रामदेव के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, योग गुरु ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करने वाली टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताना धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है।




