Giridih : गिरिडीह में पुलिस के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों और आरोपी युवक के परिजनों ने राजस्थान पुलिस की टीम को रास्ते में घेर लिया। देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव के पास उपद्रवियों ने पुलिस के निजी वाहन को जबरन रोक लिया और हिरासत में लिये गये आरोपी युवक तथा नाबालिग लड़की को छुड़ाकर अपने साथ भगा ले गये। अचानक हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल झारखंड और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम फरार युवक और नाबालिग लड़की की तलाश में छापेमारी कर रही है।
राजस्थान से नाबालिग को भगाकर लाया था युवक
खबर है कि गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव का रहने वाला एक युवक राजस्थान से नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर आया था। आरोप है कि वह पिछले कुछ दिनों से लड़की को अपने घर में छिपाकर रखे हुये था। उधर, राजस्थान में लड़की के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद वहां की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी सिलसिले में शनिवार को राजस्थान पुलिस लड़की के चाचा को साथ लेकर देवरी पहुंची। स्थानीय थाना पुलिस की मदद से कोयनडीह गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने युवक और नाबालिग लड़की दोनों को खोज निकाला। बीते रविवार को राजस्थान पुलिस की टीम आरोपी युवक और नाबालिग लड़की को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिये अपने साथ लेकर जा रही थी। टीम निजी वाहन से दोनों को ले जा रही थी। इसी दौरान कोयनडीह गांव के पास कुछ ग्रामीणों और युवक के परिवार के सदस्यों ने रास्ते में वाहन रोक लिया। गाड़ी रुकते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और उपद्रवियों ने पुलिस की मौजूदगी में ही युवक और नाबालिग लड़की को वाहन से जबरन नीचे उतार लिया। इसके बाद दोनों को अपने साथ लेकर फरार हो गये।




