Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज अगले दो दिनों तक बदला रहेगा। अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसका सीधा असर सुबह और रात के मौसम पर पड़ेगा। कनकनी बढ़ने के साथ ठंड का एहसास भी तेज होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। दिन में धूप खिलेगी, लेकिन सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाये रहने की संभावना जताई है।
कोल्हान में बारिश, घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, कोल्हान और आसपास के दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, सोमवार को राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई थी। 24 से 28 नवंबर तक सुबह के समय कोहरे का प्रभाव रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, शाम 5:30 बजे तक रांची में 4.1 मिलीमीटर, लातेहार में 2 मिलीमीटर और खूंटी में करीब 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो जायेगा।
खराब मौसम ने बिगाड़ा हवाई यातायात, 9 उड़ानें लेट
इधर, बीते रविवार को खराब मौसम का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। दूसरे राज्यों में प्रतिकूल मौसम के कारण रांची आने वाली नौ उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। वहीं, इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उड़ानों की स्थिति इस प्रकार रही:
इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान सुबह 7:15 बजे के बजाय 10:18 बजे पहुंची।
पुणे-रांची उड़ान सुबह 7:30 बजे की जगह 10:03 बजे आई।
कोलकाता-रांची की एक उड़ान 8:15 बजे के बजाय 9:08 बजे पहुंची।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची उड़ान 9:30 बजे की जगह 9:50 बजे आई।
इंडिगो की दूसरी कोलकाता-रांची उड़ान सुबह 11:45 बजे के बजाय दोपहर 1:18 बजे पहुंची।
दिल्ली-रांची उड़ान दोपहर 1:00 बजे की जगह 1:27 बजे पहुंची।
मुंबई-रांची उड़ान दोपहर 1:30 बजे के बजाय 1:52 बजे आई।
दिल्ली-रांची की एक अन्य उड़ान शाम 4:50 बजे की जगह 5:14 बजे पहुंची।
हैदराबाद-रांची उड़ान रात 8:25 बजे के बजाय 8:45 बजे पहुंची।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, दूसरे राज्यों में खराब मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा। ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।




