Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में अवैध खनन, बालू के अवैध कारोबार और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर लगाम लगाने के लिये प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। अब लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जायेगा। DC पशुपति नाथ मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, वाहन जब्त करने और जुर्माना वसूलने में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाये। जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में DC ने अवैध खनन के मामलों, दर्ज प्राथमिकी, जब्त वाहनों, जुर्माना वसूली और चेकपोस्टों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलते ही छापेमारी की जाये और दोषियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जाये। अवैध कारोबार में इस्तेमाल वाहनों को भी जब्त करने को कहा गया।
खराब CCTV कैमरे और चेकपोस्ट होंगे दुरुस्त
अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिये स्थापित चेकपोस्टों की निगरानी व्यवस्था में सामने आई खामियों पर भी DC ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेकपोस्टों पर लगे CCTV कैमरों, बैटरी और डिस्प्ले में तकनीकी खराबियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने का निर्देश दिया। DC ने कैमरों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि तकनीकी गड़बड़ियों के कारण निगरानी व्यवस्था कमजोर न पड़े। वहीं, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और जुर्माना वसूली में तेजी लाने पर भी जोर दिया। बैठक में वन क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई कर बालू का अवैध भंडारण करने के मामलों पर भी चिंता जताई गई। अधिकारियों को नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। DC ने स्पष्ट किया कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाकर अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान जारी रखने और कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। वहीं, बालू घाटों के संचालन, खनन योजना और तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़े लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि वैध खनन और बालू की उपलब्धता प्रभावित न हो। जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने खनन कारोबारियों को नियमानुसार चालान और लाइसेंस लेने की चेतावनी दी। उन्होंने ईंट-भट्ठों सहित खनन से जुड़ी सभी गतिविधियों में निर्धारित नियमों और अधिसूचनाओं का पालन अनिवार्य बताया। आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाये जाने पर आर्थिक दंड भुगतने की चेतावनी भी दी गई। बैठक में DSP यशोधरा, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




