UP : मेरठ के चर्चित ड्रम कांड के बाद अब संभल के चंदौसी से सामने आई यह वारदात बता रही है कि रिश्तों में पल रहा जहर किस हद तक इंसान को हैवान बना सकता है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की ऐसी साजिश रची, जिसे सुनकर पुलिस अफसर भी सन्न रह गये। मामले की शुरुआत 15 दिसंबर को हुई, जब नगर से सटे पत्रुआ गांव के नाले में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। हालत ऐसी थी कि पहचान संभव नहीं थी। पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो दो दिन बाद एक अहम सुराग मिला, शव के एक हिस्से पर “राहुल” नाम खुदा हुआ था। यही नाम इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड की पहली कड़ी बना।
जांच में सामने आया कि करीब एक महीने पहले चुन्नी मोहल्ला निवासीcrime रूबी ने अपने पति राहुल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पहली नजर में मामला सामान्य लगा, लेकिन पुलिस को शक तब हुआ जब रूबी के बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आने लगे। पड़ताल में खुलासा हुआ कि रूबी के मोहल्ले के ही युवक गौरव से अवैध संबंध थे। राहुल इसका लगातार विरोध कर रहा था। 18 नवंबर को उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे एक सुनियोजित अपराध में बदल गया। रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर पहले हथौड़े व रॉड से वार कर पति का काम तमाम किया। इसके बाद ग्लाइंडर से शव के टुकड़े-टुकड़े कर डाले। गर्दन काटी, फिर हाथ और फिर पैर भी अलग कर डाले। शव के एक हिस्से को पत्रुआ गांव के नाले में फेंका गया, जबकि बाकी हिस्सों को गंगा में बहा दिया। इसके बाद रूबी ने खुद को मासूम साबित करने के लिए थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो पूरी साजिश सामने आ गई। रूबी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल वाहन, उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। SP कृष्ण कुमार विश्नोई के मुताबिक, यह मामला पूरी तरह से प्री-प्लान्ड मर्डर है। DNA सैंपल लिये गये हैं ताकि अदालत में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। फिलहाल कुछ अवशेषों की तलाश जारी है। यह सिर्फ एक हत्या नहीं, यह रिश्तों के खोखलेपन और भरोसे के कत्ल की कहानी है।






