UP : उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के महज दो महीने बाद पति ने पत्नी को कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद पति और घरवालों ने कथित प्रेमी से पत्नी की मांग भरवाई और जयमाला भी कराई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। चिरगांव निवासी राजेश प्रजापति के मुताबिक, उसकी शादी इसी साल 24 जून को दतिया की अभिलाषा से हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद उसे कमजोरी और ज्यादा नींद आने लगी। उसे पत्नी पर शक हुआ। इसके बाद उसने नजर रखनी शुरू की। राजेश का इल्जाम है कि उसके सोने के बाद पत्नी फोन पर किसी युवक से बात करती थी। उसके घर से बाहर जाते ही एक युवक अक्सर घर आता था। राजेश ने बताया कि 23 अगस्त को वह रिश्तेदार को देखने मेडिकल कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला। इसी बीच उसे घर में एक युवक के आने की सूचना मिली। वह तुरंत वापस पहुंचा। इल्जाम है कि बेडरूम में पत्नी और युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को बुलाकर युवक को सौंप दिया गया। राजेश का आरोप है कि युवक उसकी पत्नी के गांव का रहने वाला है। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्रेमी से सात बार भरवाई मांग, फिर जयमाला
मामले के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। इनमें कथित प्रेमी अपनी प्रेमिका की मांग भरता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उससे सात बार मांग भरवाई गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। वीडियो में महिला को कथित पति के पैर छूते हुये भी देखा जा सकता है। राजेश का आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ धोखा किया। उसने पत्नी पर खाने में नशीली चीज मिलाने का भी शक जताया है। उसका कहना है कि वह अब पत्नी को किसी भी हालत में साथ नहीं रखना चाहता। उसने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में सामने आये आरोपों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।








