Kohramlive : ICC की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बड़ा बदलाव हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर पहली बार नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज का स्थान हासिल किया है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुये 10 विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन के दम पर वह दो पायदान ऊपर चढ़े। स्टार्क के अब 872 रेटिंग पॉइंट हैं। बुमराह 862 और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी 861 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। 36 साल के स्टार्क अपने 15 साल के टेस्ट करियर में ज्यादातर समय टॉप-10 में रहे हैं। हालांकि, इससे पहले वह कभी नंबर-1 नहीं बने थे।
पंत ने लगाई 6 पायदान की छलांग
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के ऋषभ पंत को बड़ा फायदा हुआ है। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में तेज अर्धशतक लगाने के बाद पंत 6 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से सातवें नंबर पर पहुंच गये हैं। टॉप-4 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले और जो रूट दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ तीसरे और ट्रैविस हेड चौथे नंबर पर हैं।







