कल देर रात हाथियों के झुंड ने ओरमांझी थाना क्षेत्र के रावता जरा के गांव में जमकर उत्पात मचाया। गांव के निवासी राजू उरांव, पिता स्व बिरसा उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार घर के अंदर ही सो रहा था। हमले की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घर छोड़कर बाहर निकल गए।
घर मे रखा अनाज भी खाया
हाथियों ने घर में रखा अनाज खा लिया। घर की दीवारें तोड़ दी। डर के मारे परिवार के लोगों ने पूरी रात घर से बाहर गुजारी। किसी तरह से शोर मचा कर आग जलाकर हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ा गया। पंचायत के मुखिया रमेशचन्द्र उरांव, समाज सेवी इंद्रदेव सिंह, बाबूलाल महली ने रविवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
वन विभाग से की गई मुआवजे की मांग
परिवार के लिए वन विभाग से मुआवजे की मांग की गई। कहा गया कि वन विभाग की ओर से ठोस योजना नहीं बनाने के कारण अक्सर हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर जाता है। इससे लोगों की जान माल खतरे में पड़ जाती है।












