Chouparan(Krishna Paswan) : टी.पी. रंजीत नंदकिशोर मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज किसी उत्सव से कम न था। मंच पर किशुन यादव, बिरेन्द्र रजक, सुधीर कौशल, देवल यादव, दिनेश यादव और ब्रहमदेव यादव ने दीप प्रज्वलित कर खेलों की नई सुबह का आशीर्वाद दिया। पहला मुकाबला खांडी बनाम छोटका सेलहारा के बीच हुआ। दोनों ओर जोश, दोनों ओर जुनून। खेल पेनल्टी तक खींचा और सांसें थाम देने वाले नतीजे में छोटका सेलहारा ने 3-2 से जीत दर्ज की। गांव के बच्चे, बुजुर्ग और महिलायें, हर आंख चमक रही थी मानो जीत पूरे गांव की हो।
जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव ने कहा,“खेल सिर्फ मैदान तक नहीं, ये दिमाग और तन दोनों को ताकत देते हैं।” वहीं मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक ने इसे ग्रामीण प्रतिभाओं का पर्व बताया। सुजीत सिंह और उनकी आयोजन समिति ने इस जश्न को यादगार बना दिया। संचालन में अनुज सिंह की मधुर आवाज ने समां बांधे रखा। यह टूर्नामेंट केवल फुटबॉल का खेल नहीं, बल्कि गांव के दिलों की धड़कन है, जहां हर गोल में उम्मीद है, और हर जीत में पूरा गांव।








