Garhwa(Nityanand Dubey) : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), गढ़वा ने व्यवहार न्यायालय परिसर में निर्भीक मतदान की शपथ के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का उद्देश्य साफ था, हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचे कि वोट सिर्फ अधिकार नहीं, सबसे बड़ा कर्तव्य है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मनोज प्रसाद के निर्देश पर आयोजित इस समारोह में कर्मचारियों, एलएडीसी सदस्यों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुये DLSA के सचिव निभा रंजन लकड़ा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक का सबसे बड़ा कर्तव्य है।”
व्यवहार न्यायालय के ‘न्याय सदन’ परिसर में उपस्थित सभी एलएडीसी सदस्यों और PLVs ने एक स्वर में शपथ ली कि वे धर्म, जाति, वर्ग, भाषा या किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की मर्यादा बनाये रखते हुये हर चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस अवसर पर 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” और नारा “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक” पर विशेष चर्चा हुई। DLSA ने स्पष्ट किया कि कानूनी सहायता के साथ-साथ वोट की ताकत का बोध कराना भी उसका अहम दायित्व है। समारोह के अंत में PLVs को निर्देश दिया गया कि वे सुदूरवर्ती इलाकों में जाकर नये मतदाताओं, खासकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और बिना भय मतदान करने के लिये प्रेरित करें।









