Kohramlive : बांग्लादेश के नरैल जिले में शुक्रवार को हुई हिंसा के दौरान कई मकानों और दुकानों को निशाना बनाया गया। कुछ घरों में आग लगा दी गई, तो कई जगह तोड़फोड़ और लूटपाट के आरोप लगे हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि एक खास समुदाय के कई घरों को सुनियोजित तरीके से आग के हवाले कर दिया गया। हालांकि, इस बड़े दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, बांग्लादेश की फैक्ट चेक इकाई ने इसे निराधार बताया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार की घटनाओं में करीब 20 से 30 मकानों में आग लगाये जाने की बात कही गई। वहीं, स्थानीय निवासियों ने लगभग 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़ तथा लूटपाट का आरोप लगाया है। इस बीच, हिंसा को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गये हैं। इस बीच बांग्लादेश अवामी लीग के छात्र संगठन के अध्यक्ष अल अमीन रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि नरैल में करीब 200 घरों को सुनियोजित तरीके से जला दिया गया। उन्होंने हमलों के लिये बीएनपी-जमात समर्थकों को जिम्मेदार ठहराते हुये संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप की अपील की। उन्होंने अपनी पोस्ट में इसे लोगों के जीवन, संपत्ति, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों पर हमला बताया। साथ ही स्वतंत्र जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अवामी लीग के पूर्व सांसदों और नेताओं के घरों पर हमला
‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, नरैल जिले के कालिया उपजिला के बेंदरचार गांव में शुक्रवार दोपहर से आधी रात तक हिंसा हुई। इस दौरान अवामी लीग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों तथा दुकानों को निशाना बनाया गया। हमले की जद में पार्टी के पूर्व सांसद बी. एम. कबीरुल हक मुक्ती, कालिया नगरपालिका के पूर्व महापौर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्थानीय महासचिव कृष्णपद घोष के आवास भी आये। रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब आठ बजे मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने 20 से 30 घरों में आग लगी देखी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बीएनपी समर्थकों ने करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़ के बाद लूटपाट और आगजनी की। हालांकि, स्थानीय बीएनपी नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है।
दो बीएनपी नेताओं की हत्या के बाद भड़की हिंसा
नरैल में हिंसा की ताजा घटनाओं की पृष्ठभूमि में 18 नवंबर को हुई एक वारदात बताई जा रही है। उस दिन BNP की मोटरसाइकिल रैली पर हुये हमले में पार्टी के दो नेताओं की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मारे गये नेताओं के रिश्तेदार और समर्थक बेंदरचार गांव में जमा हुये। उन्होंने उन अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाया, जिन पर दोनों नेताओं की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की। नरैल के पुलिस कप्तान मोहम्मद अल मामुन सिकदर ने ‘प्रथम आलो’ को बताया कि बीएनपी नेताओं के रिश्तेदारों और समर्थकों ने तीन से चार घरों में तोड़फोड़ की। लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 95 प्लाटून तैनात की गई हैं। इन जिलों में ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार शामिल हैं। बीजीबी मुख्यालय के मुताबिक, जवानों को प्रमुख प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा में लगाया गया है। ‘बीडी24न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा बल ड्रोन और बॉडी कैमरों से मिलने वाले लाइव फुटेज की चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं।




