UP : घर में शहनाइयां बज रही थीं। बेटे की बारात निकलने की तैयारी थी। परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियों में डूबे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस दिन घर में नई खुशियों का आगमन होना है, उसी दिन परिवार के मुखिया की जिंदगी छीन ली जायेगी। मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांठोली गांव में शुक्रवार की रात बेटे की शादी का समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब 62 साल के ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनके छोटे दामाद सुखवीर पर लगा है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के करीब छह महीने से मायके में रहने को लेकर नाराज था। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बारात चढ़ रही थी, झाड़ियों से आई चीख
ओमप्रकाश अलीगढ़ के बसाई गांव के रहने वाले थे। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अपने मझले बेटे अरविंद की शादी में शामिल होने के लिये वह गांठोली गांव आये थे। सब्जी मंडी के पीछे बारात का कार्यक्रम चल रहा था। चारों ओर उत्साह और खुशियों का माहौल था। इसी दौरान बारात चढ़ने के समय सड़क किनारे झाड़ियों से किसी के चीखने की आवाज सुनाई दी। उस वक्त किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद दूल्हे के भाई ने पिता को तलाशना शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद खेत के पास एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के नजदीक ओमप्रकाश लहूलुहान हालत में मिले। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। यह दृश्य देखते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगलगीत और शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।
छह महीने से मायके में रह रही थी आरोपी की पत्नी
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी सुखवीर और उसकी पत्नी रेखा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रेखा करीब छह महीने से अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि सुखवीर शराब पीने का आदी था और घटना के समय भी नशे में था। परिजनों का दावा है कि उसने पहले भी धमकी दी थी कि शादी होने दो, तुम्हारे पिता को सबक सिखा दूंगा। यह भी आरोप है कि उसने शादी वाले दिन घर में खून बहने की धमकी दी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक रंजिश में उसने अपने ससुर को निशाना बनाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ CCTV फुटेज खंगाले हैं। परिजनों ने दामाद पर हत्या का संदेह जताया है। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।




