Kohramlive : सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), सीमा सड़क संगठन (BRO) और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़े कई WhatsApp ग्रुपों में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कथित एजेंटों यानी पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) की घुसपैठ की आशंका जताई गई है। ये लोग कथित तौर पर फर्जी पहचान के सहारे सुरक्षा बलों के कर्मचारियों और अधिकारियों के ग्रुपों में शामिल हो रहे हैं। उनका मकसद सैन्य गतिविधियों, तैनाती, सामरिक प्रतिष्ठानों और रक्षा से जुड़ी संवेदनशील सूचनायें जुटाना बताया जा रहा है। बीते 17 नवंबर को सुरक्षा बलों की ओर से अपने कार्मिकों को इस संबंध में सतर्क रहने का संदेश दिया गया। जवानों और कर्मचारियों तक चेतावनी पहुंचाने के साथ-साथ WhatsApp ग्रुपों की सुरक्षा की समीक्षा करने को भी कहा गया है।
सुरक्षा नेटवर्क में घुसपैठ की कोशिश
मीडिया जगत के बड़े समूह ‘अमर उजाला’ में आई खबर के अनुसार, PIO खुद को सेना, अर्धसैनिक बलों या रक्षा संस्थानों से जुड़ा कर्मचारी बताकर विभिन्न WhatsApp ग्रुपों में शामिल हो रहे हैं। एक बार ग्रुप में जगह मिलने के बाद वे सदस्यों से बातचीत बढ़ाते हैं और धीरे-धीरे संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश करते हैं। चिंता की बात यह है कि ऐसे ग्रुपों में सैन्य गतिविधियों, महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तैनाती और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी सूचनाओं पर चर्चा होने की आशंका है। यदि ऐसी जानकारी गलत हाथों में पहुंचती है तो राष्ट्रीय सुरक्षा के लि/s गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
इन WhatsApp ग्रुपों को लेकर जारी की गई चेतावनी
जिन WhatsApp ग्रुपों में संदिग्ध PIO की मौजूदगी की आशंका जताई गई है, उनमें कई रक्षा और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े समूह शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से ये नाम सामने आये हैं:
CDAC ISO TRG 18/11-20/11
Mutual Transfer First
AR Commandos (TC, NSG)
88 TD Course NSG
Group of CRPF
WWW.DefTechConclave.com: Promoting Viksit Bharat
Civil Staff Mutual Group
CCC.288.Commandos
Civil Defence Mutual Posting
Defence Employee Federation-All India
All India Transfer Group
Indian Armed Forces Civilian (Mutual Transfer)
All India Defence Civilian Mutual Transfer Posting
इन नामों का जिक्र संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जारी चेतावनी में किया गया है। हालांकि, केवल किसी ग्रुप का नाम सामने आने से उसमें मौजूद हर सदस्य या पूरे ग्रुप को संदिग्ध नहीं माना जा सकता।
महिला PIO ने DRDO वैज्ञानिक बनकर कर्मचारी को फंसाया!
साइबर जासूसी के एक मामले में सोनिया नाम की महिला का भी जिक्र सामने आया है। आरोप है कि उसने खुद को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की वैज्ञानिक बताकर ‘All India Defence Civilian Mutual Transfer Posting’ नाम के WhatsApp ग्रुप में प्रवेश किया। इसके बाद उसने एक सिविलियन कर्मचारी से बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे संपर्क बढ़ाकर कथित तौर पर उसे अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि महिला ने कर्मचारी को अपने जाल में फंसाया और पैसे के बदले उससे रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली। यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि साइबर जासूसी में केवल तकनीकी सेंधमारी ही नहीं, बल्कि सोशल इंजीनियरिंग और व्यक्तिगत संपर्कों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
WhatsApp ग्रुप का ऑडिट करने के निर्देश
इस तरह की आशंकाओं के बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) सहित सशस्त्र बलों और रक्षा क्षेत्र से जुड़े अन्य संगठनों को सतर्क रहने को कहा गया है। कार्मिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और नियमित प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया है। निर्देशों के मुताबिक:
सभी आधिकारिक और संबंधित WhatsApp ग्रुपों का ऑडिट किया जाये।
ग्रुप में शामिल अज्ञात और संदिग्ध सदस्यों की पहचान की जाये।
अनधिकृत व्यक्तियों को ग्रुप से हटाया जाये।
पुराने और अनावश्यक ग्रुपों को बंद किया जाये।
ग्रुप में सैन्य तैनाती, ऑपरेशन या किसी भी तरह की संवेदनशील जानकारी साझा न की जाये।
रक्षा और सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर WhatsApp ग्रुप में चर्चा से बचा जाये।
कर्मचारियों को छोटे समूहों में साइबर अपराध और PIO की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया जाये।
एक छोटी सी चूक बन सकती है खतरा
साइबर जासूसी का तरीका लगातार बदल रहा है। अब जासूस केवल सरकारी नेटवर्क या कंप्यूटर सिस्टम को निशाना नहीं बनाते, बल्कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिये भी लोगों तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। भरोसा जीतकर जानकारी हासिल करना इस तरह की गतिविधियों का अहम तरीका हो सकता है। ऐसे में सुरक्षा बलों और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़े कर्मचारियों के लिये जरूरी है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को केवल उसकी प्रोफाइल या दावे के आधार पर भरोसेमंद न मानें। छोटी-सी लापरवाही भी संवेदनशील जानकारी को गलत हाथों तक पहुंचा सकती है।




