Garhwa (Nityanand Dubey) : दीपक सोनी पर पेट्रोल छिड़क कर जिन्दा जलाने की कोशिश करने का वीडियो वायरल हुआ है। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स के हाथ में पेट्रोल भरा बोतल है। शख्स उस बोतल से निकले पलीते में आग लगाता है, और चिल्लाते हुए सामने वाले शख्स पर फेंक देता है। जिससे आग फैल जाती है और सामने वाला शख्स झुलस जाता है। इसके बाद खूब-गाली-गलौच होती है। अफरा-तफरी का माहौल हो जाता है। (वीडियो इतना विभत्स है कि उसे हम प्रसारित नहीं कर सकते।)

दीपक सोनी पर मिनी पेट्रोल बम मारकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार शख्स का नाम कसमुद्दीन अंसारी है। नगर उंटारी थाना में दीपक सोनी ने कसमुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस को दिये अपने बयान में दीपक ने बताया कि वह कसमुद्दीन को गाली गलौज करने से मना कर रहा था। इस बात पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। दीपक के फर्द बयान के आधार पर कसमुद्दीन के खिलाफ भादवि की धारा 323, 341, 307, 326, 504 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं कसमुद्दीन ने भी दीपक सोनी और राहुल सोनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कसमुद्दीन अंसारी ने दीपक और राहुल सोनी पर शराब बेचने का विरोध करने पर मारपीट कर जख्मी करने का इल्जाम लगाया है। उनके खिलाफ भादवि की धारा 323, 341, 504, 506 व 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी कसमुद्दीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यहां याद दिला दें कि बीते शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे 37 साल के दीपक सोनी पर मिनी पेट्रोल बम मारा गया था। उसे जिन्दा जलाने की कोशिश की गई थी। इस हमले में उसका चेहरा और सिर झुलस गया था। जख्मी दीपक को लेकर पहले अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए गढ़वा रेफर कर दिया गया था। आग लगाने की फैली खबर पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। जख्मी दीपक से पूरे घटना की जानकारी ली और आज आरोपी को दबोच लिया गया। यह वारदात गढ़वा के श्री बंशीधर नगर के चित्तविश्राम गांव की है। दीपक और कसमुद्दीन एक ही गांव के रहने वाले हैं।
इसे भी पढ़ें : पीने का पानी हुआ जहरीला, टोला का गुस्सा सड़क पर
इसे भी पढ़ें : नशा कभी मत करना मेरे भाई, सुनें क्या बोल गये BSF के विश्वजीत












