Saraikela : केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह सोमवार को आदित्यपुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सा शिक्षा, कपड़ा उद्योग और राजनीति, तीनों पर बेबाक बात रखी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कॉलेज के चेयरमैन मदन मोहन सिंह को राज्य में शिक्षा के विकास का “विकास पुरुष” बताते हुये उनका अभिनंदन किया और अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया। गिरिराज सिंह ने कहा कि “बिहार की जनता फिर से गब्बर परिवार यानी लालू परिवार को नकार देगी। लालू गब्बर हैं और तेजस्वी तो सुपर गब्बर बन गये हैं।” उन्होंने दावा किया कि बिहार में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी और गब्बर राज का दरवाजा हमेशा के लिये बंद कर देगी। CM हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुये गिरिराज सिंह ने कहा, “हेमंत सोरेन झारखंड को बंगाल बनाना चाहते हैं और उनकी आदर्श ममता बनर्जी बंगाल को बांग्लादेश।” उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा देने वाली सोच से चंपई सोरेन जैसे नेता परेशान होकर भाजपा में शामिल हो गये हैं।
गिरिराज सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार झारखंड में तसर उद्योग को नयी उड़ान देने की तैयारी में है। रांची के नगड़ी में इनडोर तसर की खेती शुरू हो चुकी है। बहुत जल्द ही झारखंड में बड़े स्तर पर कपड़ा उद्योग की स्थापना की जायेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में नये MBBS कॉलेज खुल रहे हैं और मेडिकल सीटें भी बढ़ रही हैं। “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत 2047 तक विश्व के सर्वोत्तम देशों की कतार में होगा।” उन्होंने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से बातचीत भी की। उन्होंने चाय की चुस्की के साथ कहा, “झारखंड के लोगों में मेहनती है, बस मौके की जरूरत है।”






