Ranchi : राजधानी रांची से सटे नामकुम के उलीडीह गांव के लिये आज यादगार बन गया। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद गांव को नया फुटबॉल मैदान मिला, जिसका उद्घाटन केन्द्रीय सरना समिति के प्रधान महासचिव सह भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडा ने किया। यह खेल मैदान राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा के सौजन्य से नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत अंतर्गत उलीडीह गांव में तैयार किया गया है। उद्घाटन के साथ ही मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भी शुभारंभ हुआ। खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की तालियों के बीच मैदान पहली बार खेल के रंग में रंग गया।मौके पर अशोक मुंडा ने कहा कि उलीडीह गांव के ग्रामीणों ने काफी पहले खेल मैदान के लिये स्थल का चयन कर लिया था, लेकिन आर्थिक संसाधनों के अभाव में काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा के समक्ष रखा गया, जिसके बाद उनके दिशा-निर्देश पर मैदान का समतलीकरण कर निर्माण कराया गया।
अशोक मुंडा ने कहा कि खेल मैदान युवाओं को अनुशासन सिखाता है। टीम भावना को मजबूत करता है और उन्हें सकारात्मक दिशा देता है। अब गांव के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिता के लिये दूसरे गांवों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खेल मैदान बनने से गांव में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुये कहा कि अब हमारे बच्चे यहीं अपनी खेल प्रतिभा निखार सकेंगे। यह मैदान भविष्य में खेल के साथ-साथ सामाजिक आयोजनों का भी केंद्र बनेगा। आयोजकों ने बताया कि फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 जनवरी यानी टुसू मेला के अवसर पर खेला जायेगा। इसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। उद्घाटन समारोह में
समीर राय, संदीप मंडल, रमेश मुंडा, शिलाश टूटी, मंगल टूटी, अविनाश टूटी, जॉनसन टूटी, गणपत मुंडा, पांडू मुंडा, संदीप टूटी, प्रेम मुंडा, राकेश मुंडा, मदन टोप्पो, सूर्या कांत मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद थे।








