रांची : ओरमांझी पुलिस ने पीएलएफआई के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों उग्रवादी लेवी वसूलकर लौट रहे थे। ओरमांझी में वाहन चेकिंग के दौरान दोनों को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने 3 लाख कैश, पीएलएफआई का लेटर पैड, पैसा वसूली की रशीद, टीवीएस स्कूटी और तीन मोबाइल जब्त किया है। दोनों पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप के नाम पर पैसे की उगाही कर रहे थे। गिरफ्तार उग्रवादियों में आश्रम महतो उर्फ गोप और इम्मानुएल बारला शामिल है।
इसे भी पढ़ें : मोस्ट वांटेड प्रमोद ओझा गिरफ्तार,गैंगरेप सहित कई मामले में थीं तलाश
इसे भी पढ़ें : इनोवा के अंदर ही बना रखी थी तिजोरी, सोना-चांदी और कैश ढूंढ़ते रह गये अपराधी
रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि ओरमांझी में पीएलएफआई के उग्रवादी लेवी वसूली के लिए आए हैं। सूचना का सत्यापन कराने के बाद ग्रामीण एसपी के निर्देश पर ओरमांझी पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें पुलिस ने दोनों को धर-दबोचा। पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार उग्रवादी रांची में ही पिछले कई महीनों से छिप कर किराए के मकान में रह रहा था।
छापेमारी टीम में डीएसपी ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, ओरमांझी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, जय प्रकाश दास समेत पुलिस बल मौजूद थे।












