Ranchi : रांची में करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों का आधार अपडेटेशन अभी भी लंबित है। इस महत्वपूर्ण कार्य को जल्द पूरा करने के लिये रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। समाहरणालय में आयोजित विभिन्न समीक्षा बैठकों में DC ने शिक्षा व्यवस्था, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिये चलेगी ‘चुनावी पाठशाला’
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में DC मंजूनाथ भजंत्री ने स्कूल से बाहर रह गये बच्चों और दिव्यांग विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आधार-अपार अपडेटेशन को प्राथमिकता दी जाये। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिये ‘चुनावी पाठशाला’ आयोजित की जायेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी जायेगी।
10वीं-12वीं के परिणामों पर जताई नाराजगी
DC मंजूनाथ भजंत्री ने अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषयों की पढ़ाई की निगरानी के लिये विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा 10 और 12 के परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताते हुये उन्होंने बेहतर परिणाम के लिये ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति में बाधा बनने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। DC ने स्पष्ट कहा कि जिले में कोई भी अंडर-परफॉर्मर शिक्षक नहीं रहना चाहिये और सभी शिक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जायेगी।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान DC मंजूनाथ भजंत्री ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिये Enumeration Form के शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिये। इसके अलावा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग और फॉर्म संग्रहण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
26 जून को होगी राज्यस्तरीय मैराथन
नशा मुक्ति और मादक पदार्थों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 26 जून को राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन किया जायेगा। यह मैराथन मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर एसएसपी चौक, रेडियम रोड, कचहरी चौक, फिरायालाल चौक और सैनिक बाजार होते हुये पुनः बापू वाटिका पहुंचेगी। प्रतिभागियों का पंजीकरण सुबह 6 बजे से शुरू होगा। DC ने यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है और युवाओं की भागीदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
जनता दरबार में 827 मामलों का हुआ निपटारा
DC मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार में कुल 827 आवेदनों का निष्पादन किया गया। बेड़ो, बुढ़मू, सोनाहातू, नगड़ी, चान्हो, बुंडू, सिल्ली, नामकुम, राहे और मांडर अंचलों में आय, जाति, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार और भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। DC मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अंचल स्तर पर आयोजित जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : घर की कहासुनी सड़क पर खू’नी वारदात में बदली, बेटा बोला, ‘कोई पछतावा नहीं’…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी CHC की एक्स-रे मशीन खराब, दर्द लेकर भटक रहे मरीज… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : झारखंड में कल ऑरेंज अलर्ट, तेज हवा के झोंके के आसार…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में एक ही रोज 88 JAS अधिकारियों का तबादला…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में 2 IAS अधिकारियों का तबादला…












