Khunti : खूंटी के रनिया का बगिया गांव, जहां अब भी सुबह की हवा में बच्चों की खिलखिलाहट गूंजती थी। लेकिन सोमवार की सुबह वहां सिर्फ सन्नाटा था। भारी, चुभता हुआ और दुख से भरा। 6 साल के विलफ्रेड मड़की और 7 साल के आशीष केरकेट्टा, दो मासूम, दोनों दोस्त और दोनों अब सिर्फ याद बनकर रह गये हैं। रविवार को वे बगिया गांव के एक तालाब में नहाने गये और फिर कभी वापस नहीं लौटे। पुलिस के मुताबिक दिनभर दोनों बच्चे कीचड़ से भरे खेतों में खेलते रहे। एक वक्त रनिया पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें खेत में देखकर डांटा और वापस भेजा। लेकिन शायद मासूम दिलों को खेत से मोह था या पानी ने उन्हें अपनी ओर खींच लिया।
जब गांव में एक वृद्ध के निधन की खबर फैली, तो पूरा गांव वहां चला गया। और जब लौटे तो दोनों बच्चे गायब थे।
सोमवार की सुबह, गांव के ही एक शख्स ने तालाब की सतह पर कुछ तैरता हुआ देखा, वो दोनों मासूमों के शव थे। थानेदार विकास जायसवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चों की डूबने से मौत हुई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने इस दुखद हादसे पर गहरी संवेदना जताई।









