Hazaribagh(Sunil Sahu) : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियों को और धार दी है। इसी कड़ी में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में व्यय अनुवीक्षण दलों के दूसरे चरण का ट्रेनिंग दिया गया। इस प्रशिक्षण में चुनावी खर्च पर नजर रखने वाले सभी अहम दल, वीडियो निगरानी दल, स्थैतिक निगरानी दल, उड़नदस्ता दल, वीडियो अवलोकन दल और लेखा दल को शामिल किया गया। नोडल पदाधिकारी ने सभी दलों को उनके दायित्व, जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली की बारीक जानकारी दी।
प्रशिक्षण में बताया गया कि वीडियो निगरानी दल अभ्यर्थियों के सभी कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करेगा और उसी दिन उसकी सीडी व प्रतिवेदन कोषांग को सौंपेगा, ताकि खर्च का सटीक आकलन हो सके। उड़नदस्ता दल अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करेंगे और नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। नकदी, शराब वितरण और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये गये। स्थैतिक निगरानी दल के लिये नगरपालिका क्षेत्र में कुल 7 चेकपोस्ट चिन्हित किये गये हैं, जो फिलहाल क्रियाशील हैं। इन चेकपोस्टों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं। अवैध शराब, हथियार और आपत्तिजनक सामग्रियों की आवाजाही रोकने के लिये सघन जांच की जायेगी। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के रिपोर्टिंग प्रपत्रों की जानकारी भी दी गई, ताकि चुनावी खर्च से जुड़ी हर सूचना समय पर और सही तरीके से दर्ज हो सके। कार्यक्रम में कोषांग के अजय प्रसाद, रियाजउद्दीन खान, रंजीत सिंह, रवि वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।












