Bokaro : बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में चास–पुरुलिया को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-32 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी के मुताबिक, चास आईटीआई मोड़ से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा ट्रेलर बेकाबू हो गया और कुरा, संथालडीह, काजूबगान व कांशी झरिया इलाके में चार अलग-अलग जगहों पर तीन ऑटो, एक बाइक और एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर चालक कुछ ही सेकंड में कई लोगों को कुचलते हुये आगे बढ़ गया। घायलों को बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पश्चिम बंगाल निवासी सुरेश महतो की इलाज के दौरान मौत हो गई। छह गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और चालक के नशे में होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो पायेगी।












